हिसार : एसपी सिद्धांत जैन ने किया अग्रोहा थाना का औचक निरीक्षण
मालखाने से लेकर हवालात और पुलिस रिकॉर्ड तक का किया निरीक्षण
साफ-सफाई व मैस में भोजन की गुणवत्ता पर दिया विशेष जोर
हिसार, 30 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने शुक्रवार को अग्रोहा
थाना का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों और थाने की कार्यप्रणाली
का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने के विभिन्न रिकॉर्ड, मालखाने,
हवालात, वायरलेस व्यवस्था और थाना परिसर का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों
को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसपी ने मालखाने में रखे मुकदमों से संबंधित वाहनों की स्थिति
जांची और उनके उचित रखरखाव के साथ नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने हवालात और पुलिस रिकॉर्ड का भी निरीक्षण किया तथा रिकॉर्ड को व्यवस्थित एवं
अपडेट रखने पर जोर दिया।
एसपी सिद्धांत जैन ने वायरलेस ऑपरेटर को संचार व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा
ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने
कहा कि पुलिस संचार व्यवस्था मजबूत और प्रभावी होना कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए
बेहद जरूरी है।
थाना परिसर का निरीक्षण करते हुए पुलिस अधीक्षक ने साफ-सफाई और स्वच्छ वातावरण
बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों के लिए संचालित मैस का भी जायजा
लिया और भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। एसपी ने स्पष्ट
किया कि पुलिस कर्मचारियों को पौष्टिक, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिलना चाहिए,
ताकि वे स्वस्थ रहकर अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकें।
एसपी ने थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि थाने में आने वाले प्रत्येक शिकायतकर्ता
की बात गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनी जाए तथा उसकी शिकायत पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई
की जाए। इसके साथ ही लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करने और अपराध
नियंत्रण के लिए प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि
पुलिस थानों में बेहतर व्यवस्थाएं, रिकॉर्ड का उचित रखरखाव, स्वच्छ वातावरण और अनुशासित
कार्यप्रणाली पुलिसिंग का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी
ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने स्पष्ट किया कि जिले के पुलिस थानों की कार्यप्रणाली
में सुधार, पुलिस कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने और आमजन को गुणवत्तापूर्ण
पुलिस सेवाएं देने के उद्देश्य से औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने अधिकारियों
को निर्देश दिए कि पुलिस व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी बनाने के
लिए निरंतर प्रयास किए जाएं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर