सोनीपत: शहीद पुलिसकर्मियों की शौर्यगाथाओं से प्रेरित 26 जवान, दिल्ली संग्रहालय पहुंचे

 


सोनीपत, 25 अक्टूबर (हि.स.)। देश

की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों

की शौर्यगाथाओं से रूबरू होने के लिए सोनीपत पुलिस के 26 जवानों ने रविवार को नई दिल्ली

स्थित राष्ट्रीय पुलिस संग्रहालय का दौरा किया। पुलिस आयुक्त ममता सिंह के दिशा-निर्देश

पर आयोजित इस भ्रमण का उद्देश्य जवानों में देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना

को और मजबूत करना रहा। दल का नेतृत्व निरीक्षक जसमेर और लाइन अफसर उप निरीक्षक कुलदीप

सिंह ने किया।

संग्रहालय

में जवानों ने देशभर के शहीद पुलिसकर्मियों के जीवन, उनके अदम्य साहस और कर्तव्यपालन

के दौरान दिए गए सर्वोच्च बलिदान की गाथाओं के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने

भारतीय पुलिस के गौरवशाली इतिहास, विभिन्न राज्यों की पुलिस की उपलब्धियों और देश की

आंतरिक सुरक्षा में पुलिसकर्मियों की भूमिका को भी करीब से जाना।

शहीदों

की गाथाओं ने जवानों को यह संदेश दिया कि वर्दी केवल जिम्मेदारी का प्रतीक नहीं, बल्कि

जनता की सुरक्षा, कानून की रक्षा और जरूरतमंदों की मदद के लिए हर परिस्थिति में डटे

रहने का संकल्प भी है। देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीरों का जीवन पुलिसकर्मियों

को कठिन परिस्थितियों में भी साहस और ईमानदारी से कर्तव्य निभाने की प्रेरणा देता है।

पुलिस

आयुक्त ममता सिंह ने अपने संदेश में कहा कि शहीद पुलिसकर्मियों का बलिदान और उनकी शौर्यगाथाएं

पुलिस बल की अमूल्य धरोहर हैं। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर प्रत्येक जवान को निष्ठा,

साहस और संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा करनी चाहिए। ऐसे भ्रमण जवानों में कर्तव्य

के प्रति समर्पण बढ़ाने और शहीदों के योगदान को याद रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते

हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना