हिसार : सभी उपकरणों का सप्ताह में कम से कम एक बार अभ्यास अवश्य करें : सिद्धांत जैन
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत
जैन ने किया साप्ताहिक परेड का निरीक्षण
कर्मचारियों की
समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
हिसार, 13 अप्रैल
(हि.स.)। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने सोमवार को पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड का
निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस बल में अनुशासन और शारीरिक दक्षता
के महत्व पर जोर देते हुए प्रत्येक मुलाजिम के टर्न-आउट (वर्दी की स्थिति) की जांच
की और आवश्यक निर्देश दिए। परेड निरीक्षण के उपरांत, पुलिस अधीक्षक ने ईआरवी, पीसीआर
और राइडर स्टाफ का दौरा किया और वहां मौजूद तकनीकी उपकरणों की कार्यक्षमता की जानकारी
ली। निरीक्षण के दौरान पाई गई छोटी-मोटी कमियों को तुरंत प्रभाव से एमटीओ को नोट करवाया
गया, ताकि उन्हें जल्द से जल्द दुरुस्त किया जा सके।
विशेष रूप से कानून-व्यवस्था
को बनाए रखने के लिए उन्होंने टियर गैस (अश्रु गैस) टीम से बातचीत की। उन्होंने टीम
को हिदायत दी कि सभी उपकरणों का सप्ताह में कम से कम एक बार अभ्यास अनिवार्य रूप से
किया जाए, किसी भी विपरीत स्थिति से निपटने के लिए टीम हर समय पूरी तरह तैयार रहे,
निरीक्षण के अंत में पुलिस अधीक्षक ने ऑर्डरली रूम में जाकर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों
की व्यक्तिगत व विभागीय समस्याएं सुनीं।
बैठक के दौरान होमगार्ड
जवानों द्वारा समय पर वेतन न मिलने का मुद्दा उठाया गया। इस पर पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन
दिया कि अगले दो से चार दिनों के भीतर इस समस्या का समाधान कर दिया जाएगा और वेतन प्रक्रिया
को सुचारू बनाया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पुलिस बल का कल्याण और उनका
अनुशासन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि वे बेहतर ढंग से जनता की सेवा कर
सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर