इनेलो ने सोनीपत व पंचकूला में उतारे प्रत्याशी

 


-महिला आरक्षण बिल पर भाजपा की राजनीति नहीं हुई सफलचंडीगढ़, 23 अप्रैल (हि.स.)। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय चौटाला ने गुरुवार को सोनीपत के लिए एडवोकेट आनंद खत्री और पंचकूला के लिए मनोज अग्रवाल को मेयर पद का उम्मीदवार घोषित किया, जबकि अंबाला के उम्मीदवार का नाम जल्द बताया जाएगा।चौधरी अभय चौटाला ने गुरुवार को चंडीगढ़ स्थित इनेलो मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि गेहूं खरीद के मुद्दे पर इनेलो ने अपने कार्यकर्ताओं की मंडियों में ड्यूटी लगाई थी और किसान कष्ट निवारण केंद्र खोले ताकी किसानों को कोई समस्या न आए। हमने सरकार से कहा था कि सरकार बायोमेट्रिक सत्यापन की शर्त ना लगाई जाए। लेकिन सरकार ने बायोमेट्रिक सत्यापन करवाना अनिवार्य कर दिया। इससे किसानों को बहुत परेशानी आई। किसानों की गेहूं का उठान नहीं हो रहा था और किसानों के खाते में पैसे नहीं आ रहे थे।विशेष सत्र बुलाए जाने पर पूछे गए सवाल पर अभय सिंह चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री ने एक विशेष सत्र बुलाया है जिसमें महिला बिल को लेकर निंदा प्रस्ताव लाया जाएगा। अगर निंदा प्रस्ताव लाना ही था तो सरकार की कमियां और खामियों के बारे में लाना चाहिए था। किसानों को जो दिक्कतें आई है। उसके लिए कहा जाना था कि आगे से इस किसानों को ऐसी समस्याएं नहीं आएगी। जो बिल लोकसभा में गिर गया उसकी चर्चा यहां पर करने का क्या मतलब है। भाजपा सरकार महिला आरक्षण बिल पर राजनीति कर रही थी। जिसमें वह सफल नहीं हुए।

बीबीएमबी को लेकर कहा कि जब हमारा अधिकारी वहां नहीं होगा तो हमारी पैरवी कौन करेगा। सरकार को इस बारे में चर्चा करनी चाहिए। पंजाब में भाजपा का कोई वजूद नहीं है। मुख्यमंत्री को हरियाणा में कोई नहीं बुलाता तो वो पंजाब चले जाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा