27 सितंबर को नूंह में होने वाली सम्मान दिवस रैली होगी ऐतिहासिक : रामपाल माजरा

 


नूंह, 23 सितंबर (हि.स.)। आगामी 27 सितंबर को नूंह में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की ओर से पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित किए जा रहे सम्मान दिवस समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। रैली को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेता लगातार जिले के विभिन्न गांवों का दौरा कर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं।

इसी कड़ी में बुधवार को इनेलो प्रदेश अध्यक्ष चौधरी रामपाल माजरा और जिलाध्यक्ष चौधरी ताहिर हुसैन एडवोकेट ने नूंह विधानसभा क्षेत्र के गांव चंदेनी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग जनसभाओं और डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को 27 सितंबर को नूंह में होने वाले सम्मान दिवस समारोह में पहुंचने का निमंत्रण दिया। गांव में इनेलो नेताओं का ग्रामीणों ने फूलमालाओं और पगड़ी पहनाकर स्वागत किया।

प्रदेश अध्यक्ष चौधरी रामपाल माजरा ने कहा कि पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल का मेवात की धरती से विशेष लगाव रहा है। इस बार उनके जन्मदिवस का आयोजन मेवात की धरती पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नूंह में आयोजित होने वाला सम्मान दिवस समारोह ऐतिहासिक होगा और इसमें बड़ी संख्या में लोग भाग लेंगे।

इनेलो जिलाध्यक्ष चौधरी ताहिर हुसैन ने कहा कि चौधरी देवीलाल के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सम्मान दिवस समारोह में प्रदेशभर से किसान, मजदूर और गरीब वर्ग के लोग पहुंचेंगे। उन्होंने दावा किया कि नूंह में होने वाली यह रैली देश की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक रैलियों में शामिल होगी तथा इसमें करीब तीन लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। इनेलो नेताओं ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में 27 सितंबर को नूंह पहुंचकर सम्मान दिवस समारोह को सफल बनाने का आह्वान किया। पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा जिले के अन्य गांवों में भी जनसंपर्क अभियान जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया