जींद : सड़क किनारे व्यक्ति का शव मिलने से मचा हड़कंप

 


जींद, 01 सितंबर (हि.स.)। उचाना खंड के गांव तारखां कोठी के निकट मंगलवार को पुलिस ने एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति का खून से लथपथ शव को बरामद किया है। मृतक के पास से ऐसा कुछ बरामद नही हुआ है, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। मृतक के शव को शिनाख्त के लिए नागरिक अस्पताल नरवाना के शव गृह में रखवाया गया है। उचाना थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव तारखां के निकट मंगलवार को सुबह ग्रामीणों ने नरवाना रोड पर एक अधेड़ व्यक्ति के शव को पड़ा देखा। मृतक के सिर, पांव तथा हाथों पर चोट के निशान थे और मुंह से खून निकला हुआ था। घटना की सूचना पाकर पुलिस फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम के साथ मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। मृतक के पास से ऐसा कुछ नही मिला, जिससे उसकी शिनाख्त संभव हो सके।

मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष है। आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की मौत सड़क हादसे में हुई है। शिनाख्त न होने के कारण मृतक के शव को नरवाना नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उचाना थाना प्रभारी चंद्रपाल ने बताया कि मृतक की शिनाख्त नही हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए नरवाना के शव गृह मे रखवाया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा