जींद : पिगरी फार्मर को कमरे में किया बंद, नौ आस्टे्रलियन सुअर किए चोरी
जींद, 02 अगस्त (हि.स.)। गांव अमरावली खेड़ा के निकट शनिवार रात चोरों पिगरी फार्मर को कमरे में बंद कर दिया और फार्म से नौ आस्टे्रलियन किस्म के सुअरों को चोरी कर लिया। हमलावरों ने फार्म में मौजूद कुछ सुअरों को तेजधार हथियार से घायल भी किया। जाते हुए हमलावर सीसी टीवी कैमरों को भी तोड़ गए। चोरी हुए सुअरों की कीमत लगभग एक लाख है। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने सुअर पालक की शिकायत पर रविवार काे अज्ञात आधा दर्जन लोगों के खिलाफ चोरी समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव अमरावली खेड़ा निवासी अजय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने पिल्लूखेड़ा नेशनल हाइवे 152डी के निकट आस्ट्रेलियन किस्म का पिगरी फार्म बनाया हुआ है। शनिवार रात चोरों ने उसके कमरे के बाहर कुंडी लगा दी। जिसके बाद सांड समेत सात बड़े तथा दो छोटे सुअर चोरी कर लिए। घटना का सुबह उस समय पता चला जब वह सोकर उठा। कमरे के बाहर की कुंडी लगाई गई थी। फोन कर उसने जानकारों को बुला कर उसने कमरे की कुंडी खुलवाई। जब उसने अपने फार्म को संभाला तो नौ सुअर गायब थे। कुछ सुअरों पर तेजधार हथियारों से वार कर घायल किया गया था। जिन्हें खुला छोड़ दिया गया। पिगरी फार्म में लगे सीसी टीवी कैमरों को तोड़ा गया था। जब उन्होंने डीवीआर से फूटेज को निकाला तो उसमे चार से पांच व्यक्ति दिखाई दे रहे हंै। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने अजय की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है। पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने पिगरी फार्म मालिक की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा