हिसार : महिलाओं को हुनरमंद बनाकर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल

 


कर्म कल्याणी वेलफेयर सोसायटी ने गुरुद्वारा उत्तम नगर में खोला केंद्र, बजरंग

गर्ग ने किया शुभारंभ

हिसार, 27 सितंबर (हि.स.)। महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वावलंबी

और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कर्म कल्याणी वेलफेयर सोसायटी की ओर

से गुरुद्वारा उत्तम नगर में सिलाई प्रशिक्षण केंद्र शुरू किया गया। केंद्र का शुभारंभ

हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष बजरंग गर्ग ने किया। कार्यक्रम में गुरुद्वारा

के संचालक त्रिलोचन सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।

सोसायटी की प्रधान मौसमी कर ने रविवार काे बताया कि केंद्र शुरू करने का उद्देश्य महिलाओं

को सिलाई का प्रशिक्षण देकर उन्हें हुनरमंद बनाना और अपने पैरों पर खड़े होने के अवसर

उपलब्ध करवाना है। केंद्र में सिलाई मशीनों की व्यवस्था की गई है, जहां महिलाओं को

नियमित रूप से प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कौशल विकास के माध्यम से महिलाएं

घर से ही रोजगार के अवसर तलाश सकती हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में

योगदान दे सकती हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों और सोसायटी सदस्यों ने इस पहल की सराहना करते

हुए कहा कि महिलाओं को रोजगारपरक कौशल उपलब्ध करवाना उनके स्वावलंबन की दिशा में महत्वपूर्ण

कदम है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण केंद्र महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने

के साथ अपने हुनर को रोजगार में बदलने का अवसर भी प्रदान करते हैं। इस अवसर पर केकेसी की डिप्टी चेयरमैन गीता आहुजा, कोमल राठौर, मीनाक्षी गक्खड़,

नीटा नागपाल, प्रीति भारद्वाज, पूजा लाम्बा, प्रतिभा सहित सोसाइटी के अन्य सदस्य मौजूद

रहे। सोसायटी की ओर से भविष्य में भी जरूरतमंद वर्गों, विशेषकर महिलाओं के उत्थान और

स्वावलंबन के लिए ऐसे प्रयास जारी रखने की बात कही गई।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर