हिसार : एआई और साइबर सिक्योरिटी में रोजगार के बढ़ते अवसरों से छात्राओं को कराया अवगत
राजकीय महिला महाविद्यालय में व्याख्यान आयोजित,
47 छात्राओं ने लिया भाग
हिसार, 07 अक्टूबर (हि.स.)। राजकीय महिला महाविद्यालय
के प्लेसमेंट सेल एवं वाणिज्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस
एवं साइबर सिक्योरिटी में करियर की संभावनाओं विषय पर विस्तृत व्याख्यान का आयोजन किया
गया। कार्यक्रम में भारत केयर, हनीवेल टेक्नोलॉजी फ्यूचर एज स्किल्स प्रोग्राम की सीनियर
कोऑर्डिनेटर अदिति गुप्ता ने बुधवार काे बतौर रिसोर्स पर्सन छात्राओं को संबोधित किया।
अदिति गुप्ता ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर
सिक्योरिटी के तेजी से विकसित होते क्षेत्रों, इनमें रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं
तथा भविष्य में इनकी बढ़ती मांग के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तकनीकी ज्ञान
के साथ डिजिटल स्किल्स, समस्या समाधान क्षमता, रचनात्मक सोच और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति
आज के प्रतिस्पर्धी रोजगार बाजार में महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने छात्राओं को विभिन्न
डिजिटल एवं तकनीकी कौशल विकसित करने तथा उपलब्ध प्रशिक्षण और प्रमाणन कार्यक्रमों का
लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य सतीश कुमार ने कहा कि
वर्तमान समय में तकनीकी शिक्षा रोजगार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर सिक्योरिटी जैसे उभरते क्षेत्रों में युवाओं के लिए
रोजगार के नए अवसर तेजी से विकसित हो रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पारंपरिक
करियर विकल्पों तक सीमित न रहकर नई तकनीकों और उभरते रोजगार क्षेत्रों की जानकारी हासिल
करने तथा बदलते तकनीकी परिवेश के अनुरूप अपने कौशल को निरंतर विकसित करने का आह्वान
किया। उन्होंने प्लेसमेंट सेल एवं वाणिज्य विभाग के प्रयासों की सराहना की।
प्लेसमेंट सेल की समन्वयक डॉ. वसुंधरा ने कहा
कि विद्यार्थियों के लिए डिग्री के साथ इंडस्ट्री स्किल्स विकसित करना भी जरूरी है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर सिक्योरिटी का महत्व वाणिज्य, प्रबंधन, बैंकिंग, वित्त,
ई-कॉमर्स और व्यवसाय सहित विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ रहा है। उन्होंने छात्राओं से
प्रशिक्षण एवं इंटर्नशिप के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्लेसमेंट
सेल का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा से रोजगार तक प्रभावी मार्ग उपलब्ध करवाना है।
छात्राओं ने रिसोर्स पर्सन से संवाद करते हुए
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं साइबर सिक्योरिटी में करियर, आवश्यक कौशल, प्रशिक्षण कार्यक्रमों
और रोजगार के अवसरों से जुड़े सवाल पूछे। व्याख्यान में 47 छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता
की। कार्यक्रम को सफल बनाने में सुश्री हिना पहुजा, सुश्री ज्योति, श्रीमती अन्नू गोयल
एवं डॉ. सुमन ने अहम भूमिका निभाई।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर