नूंह: मढ़ी के विद्यार्थियों ने किया आईआईटी दिल्ली का शैक्षणिक भ्रमण

 


नूंह, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मेवात क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उच्च शिक्षा के अवसरों से जोड़ने की दिशा में मेवात विकास प्राधिकरण की ओर से महत्वपूर्ण पहल की गई। उपायुक्त अखिल पिलानी के मार्गदर्शन में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मढ़ी के आवासीय कोचिंग केंद्र के विद्यार्थियों ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विशेष कार्यशाला में भाग लेकर तकनीकी शिक्षा, संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था और प्रवेश प्रक्रिया के बारे में जानकारी हासिल की।

यह भ्रमण नूंह में एसीयूटी अमितेज पांगती तथा मेवात विकास प्राधिकरण के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी अशोक कुमार के प्रयासों से आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य ग्रामीण एवं मेवात क्षेत्र के विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों की कार्यप्रणाली से परिचित कराना और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यशाला में आईआईटी दिल्ली में अभियांत्रिकी स्नातक पाठ्यक्रम के द्वितीय वर्ष के विद्यार्थी ध्रुव और वैभव ने मढ़ी के विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। उन्होंने संस्थान में पढ़ाई की व्यवस्था, तकनीकी शिक्षा के महत्व, प्रवेश प्रक्रिया और विद्यार्थियों को मिलने वाले शैक्षणिक अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों के सवालों के जवाब देकर उन्हें लक्ष्य निर्धारित करने, नियमित अध्ययन करने और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मेवात विकास प्राधिकरण के परियोजना अधिकारी मुफीद, विद्यालय के प्रधानाचार्य मुबारिक अली और आवासीय कोचिंग केंद्र के स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और निरंतर अध्ययन के महत्व से अवगत कराते हुए अपने शैक्षणिक लक्ष्यों को हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया।

शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने, वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूकता पैदा करने में मदद मिलेगी। विशेष रूप से अभियांत्रिकी एवं चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम उपयोगी साबित हो सकते हैं। विद्यालय प्रशासन ने इस शैक्षणिक भ्रमण के आयोजन में मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए उपायुक्त अखिल पिलानी, एसीयूटी अमितेज पांगती, अशोक कुमार तथा मेवात विकास प्राधिकरण के अन्य सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। वहीं, आईआईटी दिल्ली में विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देने के लिए ध्रुव और वैभव का धन्यवाद किया।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया