नूंह साइबर पुलिस ने फर्जी लोन मामले में आरोपी को किया गिरफ्तार
नूंह, 15 अक्टूबर (हि.स.)। नूंह जिला की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने दूसरे व्यक्ति के नाम पर कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए लोन राशि अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कराने के मामले में गुरुवार काे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नूंह की मदीना कॉलोनी निवासी नसीम अहमद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन और दुकान का रिकॉर्ड रखने वाली बिल बुक बरामद की है। वहीं, आरोपी के बैंक खाते में 933 ट्रांजेक्शन सामने आने के बाद पुलिस इनके संबंध में भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, गांव घासेड़ा निवासी नसीम असद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 15 सितंबर 2026 को उसे एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज की ओर से एक संदेश प्राप्त हुआ। इसमें उसके नाम पर चल रहे लोन खाते में 1,65,944 रुपये बकाया होने की जानकारी दी गई थी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसने संबंधित वित्तीय संस्थान से कोई लोन नहीं लिया था और न ही उसे लोन की कोई राशि मिली थी। इसके बाद उसने वित्तीय संस्थान से संपर्क कर मामले की जानकारी जुटाई और साइबर क्राइम थाना नूंह में शिकायत दी।
शिकायत की जांच के दौरान सामने आया कि शिकायतकर्ता के नाम पर 14 जनवरी 2023 को डिजिटल सैलरीड पर्सनल लोन खाते के तहत लोन स्वीकृत कर वितरित किया गया था। जांच में लोन की राशि में से 68,761 रुपये एचडीएफसी बैंक के एक खाते में ट्रांसफर होने की जानकारी मिली। शिकायतकर्ता ने उक्त बैंक खाते को अपना मानने से इनकार किया। इसके बाद पुलिस ने बैंक रिकॉर्ड की जांच की, जिसमें संबंधित खाता नूंह की मदीना कॉलोनी निवासी नसीम अहमद के नाम पर पंजीकृत पाया गया। पुलिस ने जांच के आधार पर आरोपी नसीम अहमद को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी के घर से खाते से जुड़ा मोबाइल फोन, एक अन्य मोबाइल फोन और दुकान का रिकॉर्ड रखने वाली बिल बुक बरामद की गई। जांच में आरोपी के बैंक खाते में कुल 933 लेन-देन होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब बैंक खाते में हुए लेन-देन की प्रकृति, रकम के स्रोत और अन्य संभावित मामलों से इनके संबंधों की जांच कर रही है। मामले में साइबर क्राइम थाना नूंह में धोखाधड़ी और कथित फर्जी दस्तावेजों से संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया