हिसार : रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी से आम जनता पर महंगाई की मार : बृजलाल बहबलपुरिया

 


हिसार, 07 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष

बृजलाल बहबलपुरिया ने आरोप लगाया है कि मोदी सरकार में लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी

की कमर तोड़ दी है। आज से घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये तथा व्यावसायिक

एलपीजी सिलेंडर में 115 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है, जिससे आम परिवारों और छोटे व्यापारियों

पर भारी आर्थिक बोझ पड़ा है।

बृजलाल बहबलपुरिया ने शनिवार काे कहा कि कुछ समय पहले केंद्र

सरकार यह दावा कर रही थी कि देश में एलपीजी की कोई कमी नहीं है, फिर अचानक इतनी बड़ी

बढ़ोतरी करना यह साबित करता है कि भाजपा सरकार आम जनता की परेशानियों से पूरी तरह बेपरवाह

है। आज हालात यह हो गए हैं कि रसोई चलाना भी आम आदमी के लिए मुश्किल होता जा रहा है।

बृजलाल बहबलपुरिया ने कहा कि हाल ही में यह खबर

सामने आई है कि अमेरिका ने भारत को 30 दिनों की छूट दी है जिसमें भारत रूस से कच्चा

तेल खरीद सकता है। यह बेहद चिंताजनक स्थिति है। क्या अब भारत जैसे स्वतंत्र देश को

भी तेल खरीदने के लिए अमेरिका से अनुमति लेनी पड़ेगी? क्या भारत अपनी आर्थिक नीतियां

खुद तय नहीं कर सकता? उन्होंने कहा कि भारत एक संप्रभु राष्ट्र है और उसे किसी भी देश

की अनुमति लेकर अपने व्यापारिक फैसले नहीं लेने चाहिए। भाजपा सरकार की कमजोर विदेश

नीति के कारण आज ऐसे सवाल खड़े हो रहे हैं, जो देश की प्रतिष्ठा और स्वाभिमान के लिए

ठीक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण पेट्रोल,

डीजल, गैस और रोजमर्रा की जरूरत की चीजों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा

कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता की आवाज उठाती रही है और आगे भी जनता के हक और देश

की गरिमा की रक्षा के लिए मजबूती से संघर्ष करती रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर