सिरसा: सरकार की गलत नीतियों से प्रदेश में व्यापार व उद्योग पिछड़ा: गर्ग

 


सिरसा, 24 मई (हि.स.)। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण प्रदेश में व्यापार व उद्योग पिछड़ता जा रहा है। पानीपत से टेक्सटाइल, बहादुरगढ़ से फुटवियर, यमुनानगर से प्लाई बोर्ड इंडस्ट्रीज के साथ-साथ प्रदेश में छोटे व मध्यम काफी उद्योग बंद हुए हैं। यहां तक की सरकार की गलत नीतियों से प्रदेश में छोटे व मध्यम उद्योग 60 प्रतिशत बंद हो चुके हैं, जिसके कारण लाखों लोग बेरोजगार हुए हैं। बजरंग गर्ग रविवार को सिरसा में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

बजरंग गर्ग ने कहा कि हरियाणा में व्यापार व उद्योगों के माध्यम से लाखों लोगों को रोजगार मिलता है, मगर हरियाणा में व्यापार व उद्योग कम होने से लोगों का रोजगार कम हुआ है। सरकार को बेरोजगारों को रोजगार देने के लिए प्रदेश में व्यापार व उद्योगों को बढ़ावा देना चाहिए। सरकार ने 2015 में हरियाणा में टेक्सटाइल हब बनाने की घोषणा के बावजूद आज तक नहीं बनने से व्यापारियों में रोष है।

देश में खाद्य वस्तुएं व हर जरूरत का सामान काफी महंगा हो गया है। गरीब व्यक्ति दो वक्त की रोटी दाल-सब्जी के साथ खा नहीं सकता है। यहां तक की 5 किलो वाला सिलेंडर 261 रुपए व कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 993 रुपए बढ़ा कर जनता पर आर्थिक बोझ डालने का काम सरकार ने किया है। 10 दिनों में पेट्रोल व डीजल के दामों में तीन बार बढ़ोतरी करने से जनता में भारी नाराजगी है।

देश में पेट्रोल व डीजल के दामों में बढ़ोतरी करने से यातायात का खर्च बढ़ गया है। एलपीजी गैस सिलेंडर, दाल, दूध, सब्जियों के दामों में भारी भरकम बढ़ोतरी के कारण घरेलू बजट बिगड़ता जा रहा है। गरीब व मध्यम वर्ग के लोगों को बड़ी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बजरंग गर्ग ने कहा कि सरकार को महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए कठोर से कठोर कदम उठाने चाहिए और हरियाणा में बेरोजगारों को रोजगार देने के लिए सरकार को विशेष योजना बनानी चाहिए, ताकि बेरोजगारी पर अंकुश लगाया जा सकें। इस अवसर पर व्यापार मंडल जिला प्रधान हीरालाल शर्मा, शहरी प्रधान कीर्ति गर्ग, प्रदेश प्रवक्ता आनंद बियानी,अंजनी कनोडिया, जिला प्रधान अनिल सर्राफ, सुधीर ललित, सुरेश गोयल, नरेश जिंदल, प्रेम गुप्ता, अखिल गर्ग, जय प्रकाश भोलूसरिया आदि प्रतिनिधि मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma