सिरसा: सरकार की गलत नीतियों से हरियाणा में 70 प्रतिशत छोटे व मध्यम उद्योग हुए बंद: गर्ग

 


सिरसा, 08 मार्च (हि.स.)। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा है कि प्रदेश सरकार की गलत नीतियों से हरियाणा में लगातार व्यापार व उद्योग पिछड़ता जा रहा है। सरकार की अनदेखी के कारण प्रदेश में छोटे व मध्यम उद्योग लगभग 70 प्रतिशत बंद हो चुके हैं।

बजरंग गर्ग रविवार को सिरसा में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्हाेंने कहा कि पहले गांव स्तर पर हैंडलूम, नमकीन, बेकरी, कूलर, पंखे, पलंग, निवार, साबुन, सर्फ, दाल मिल आदि हजारों छोटे व मध्यम उद्योग लगे हुए थे। इन उद्योगों के माध्यम से गांव स्तर पर ही लाखों महिलाएं व युवाओं को रोजगार मिल रहा था, मगर सरकार द्वारा लघु उद्योगों को किसी प्रकार की रियायत न देने के कारण व्यापार व उद्योग पिछड़ता जा रहा है। सरकार को उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सस्ती बिजली व जमीन उपलब्ध करवानी चाहिए।

बजरंग गर्ग ने कहा कि हरियाणा में बेरोजगारी बढऩे के कारण अपराध व नशे का व्यापार प्रदेश में बढ़ता जा रहा है। हरियाणा में अपराधियों द्वारा हर रोज लूटपाट, हत्या, फिरौती की वारदातें खुलेआम की जा रही है। हरियाणा में अपराधी जेल व विदेशों में बैठकर अपना गैंग चला रहे हैं। हरियाणा में व्यापारी, उद्योगपति व आम जनता अपनी जान माल की सुरक्षा के लिए पूरी तरह भयभीत है। सरकार को अपराधियों का पक्का से पक्का इलाज करने के लिए ठोस कदम उठाना चाहिए ताकि कोई भी अपराधी प्रदेश में अपराध करने की हिम्मत ना कर सकें। बजरंग गर्ग ने कहा कि सरकारी अधिकारी अतिक्रमण के नाम पर व्यापारी को नाजायज तंग कर रहे हैं। सरकारी अधिकारियों को अपने निजी स्वार्थ के लिए व्यापारियों को नाजायज तंग नहीं करना चाहिए। सरकारी अधिकारियों को व्यापारियों से मिलजुल कर शहर के विकास की तरफ ध्यान देना चाहिए।इस अवसर पर व्यापार मंडल के जिला प्रधान जिला प्रधान हीरालाल शर्मा, आनंद बियानी, अंजनी कनोडिया, कीर्ति गर्ग, अश्विनी बांसल, संदीप मिड्ढा, अमित साहूवाला आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma