पानीपत:नहर में डूबे उद्योगपति का शव तीन दिन बाद सोनीपत से बरामद

 


पानीपत, 20 मई (हि.स.)। पानीपत की दिल्ली पैरलल नहर पर पूजा करने के दौरान पैर फिसलने से डूबे असंध के कारोबारी मुरारी लाल गोयल का शव तीसरे दिन बुधवार को सोनीपत के मोई गांव स्थित नहर से बरामद हुआ है। साेनीपत पुलिस ने इसकी सूचना पानीपत पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए पानीपत सिविल अस्पताल लाया गया। परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।

घटना गत सोमवार की है, जब मुरारी लाल अपनी पत्नी के साथ गांव सिवाह के पास दिल्ली पैरलल नहर में पूजा सामग्री प्रवाहित आए थे, इसी दौरान उनकी पत्नी का संतुलन बिगड़ने से नहर में जा गिरी, पत्नी को बचाने के दौरान वह भी नहर में डूब गए थे। दोनों को नहर में डूबता देख राहगीरों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। तब से पुलिस द्वारा नहर में तलाशी अभियान चलाया हुआ था। कुछ घंटे बाद उनकी पत्नी का शव आठ किमी दूर नहर से मिला लेकिन 60 वर्षीय मुरारी लाल गोयल का कोई सुराग नहीं लगा था।

बुधवार को तीसरे दिन उनका शव सोनीपत के पास नहर में मिला है। मुरारी लाल के बेटे ने बताया था कि सोमवार की सुबह उनकी मां कमलेश और पिता मुरारी लाल घर से पूजा-अर्चना के लिए निकले थे। सिवाह नहर पर पत्नी कमलेश पूजा की सामग्री और नारियल प्रवाहित कर रही थी, तभी उनका पैर फिसल गया और वह नहर में गिरकर डूबने लगी। पत्नी को डूबता देख मुरारी लाल ने भी बिना देर किए नहर में छलांग लगा दी। दोनों की चप्पलें स्कूटी पर ही रखी मिलीं थी।इसराना थाना प्रभारी हरिराम ने बताया कि बुधवार को कारोबारी मुरारी लाल गोयल का शव सोनीपत स्थित नहर से बरामद कर लिया गया है। पानीपत के सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा