मजबूत और समृद्ध राष्ट्र को आगे बढ़ाना वर्तमान पीढ़ी की जिम्मेदारी:कृष्ण कुमार बेदी

 




कैथल, 15 अगस्त (हि.स.)। पुलिस लाइन में शनिवार को जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन करते हुए कहा कि आजादी हमें जिन बलिदानों से मिली है, उसे मजबूत और समृद्ध राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ाना वर्तमान पीढ़ी की जिम्मेदारी है।

हरियाणा की धरती को वीरता, त्याग और देशभक्ति की धरती बताते हुए मंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत और विकसित हरियाणा का लक्ष्य हासिल करने के लिए समाज के हर वर्ग को अपनी भूमिका निभानी होगी।

कैथल के विकास का जिक्र करते हुए बेदी ने कहा कि करीब एक हजार करोड़ रुपये की लागत से भगवान परशुराम मेडिकल कॉलेज लगभग तैयार है और इसे जल्द शुरू किया जाएगा। धेरडू में नर्सिंग कॉलेज का भवन तैयार किया गया है। उन्होंने कैथल की बेहतर सड़क कनेक्टिविटी और जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों को भी रेखांकित किया।

समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी खूब रंग जमाया। एमडीएन ग्लोबल स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत से माहौल को राष्ट्रप्रेम से भर दिया। हिंदू गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं ने पंजाबी नृत्य, आर्य गर्ल्स हाई स्कूल की छात्राओं ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ पर आधारित हरियाणवी प्रस्तुति और राधा कृष्णन स्कूल के विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति व देशभक्ति पर कोरियोग्राफी प्रस्तुत की।

राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गीता भवन और जाखौली अड्डा की छात्राओं ने हरियाणा की सांस्कृतिक एकता को दर्शाते हुए समूह नृत्य प्रस्तुत किया। सुपार्श्व जैन स्कूल के विद्यार्थियों ने हरियाणा के स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए सामाजिक बुराइयों पर भी संदेश दिया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में एमडीएन ग्लोबल स्कूल ने पहला, सुपार्श्व जैन स्कूल ने दूसरा और आर्य कन्या हाई स्कूल ने तीसरा स्थान हासिल किया। परेड में जिला महिला पुलिस की टुकड़ी प्रथम, एनसीसी ब्वायज स्कूल द्वितीय और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की टुकड़ी तृतीय रही। विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि ने बच्चों के लिए दो लाख रुपये तथा होली पथ स्कूल के मूक-बधिर बच्चों के लिए एक लाख 25 हजार रुपये देने की घोषणा की।

समारोह में भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी, पूर्व विधायक लीला राम, पूर्व विधायक फूल सिंह खेड़ी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक गुर्जर, नगर परिषद अध्यक्षा सुरभि गर्ग सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जिला प्रशासन की ओर से डीसी अपराजिता, एसपी मनप्रीत सिंह सूदर, एडीसी डॉ. सुशील कुमार, डीएमसी कपिल शर्मा, एसडीएम संजय कुमार, सीटीएम कैप्टन परमेश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे