हिसार के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया देश का मान : भव्य बिश्नोई
हिसार, 07 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष
एवं पूर्व विधायक आदमपुर भव्य बिश्नोई ने एशियाई खेलों में देश का गौरव बढ़ाने वाले
हिसार के स्वर्ण पदक विजेता मनीषा रूहल, अंकुश पंघाल एवं रजत पदक विजेता अंतिम पंघाल
के घर पहुंचकर खिलाड़ियों और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों को शानदार
उपलब्धियों के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान भूपेन्द्र पनिहार भी उनके साथ
थे।
भव्य बिश्नोई ने कहा कि हिसार की मिट्टी ने हमेशा
देश को प्रतिभा, परिश्रम और जज्बे से भरपूर खिलाड़ी दिए हैं। इन खिलाड़ियों ने अपनी
मेहनत और समर्पण के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का मान बढ़ाया है। उनकी उपलब्धियां
हिसार और हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने कहा कि
इन खिलाड़ियों की सफलता देशभर के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। इसके पीछे वर्षों
की कठोर मेहनत और तपस्या के साथ उनके परिवारों तथा प्रशिक्षकों का त्याग, विश्वास और
निरंतर सहयोग भी रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों के परिजनों को भी बधाई देते हुए कहा कि
बच्चों की सफलता में परिवार की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
भव्य बिश्नोई ने कहा कि खिलाड़ियों और उनके परिवारों
से घर जाकर मिलकर उन्हें बेहद खुशी हुई। उन्होंने ईश्वर से कामना की कि मनिषा रूहल,
अंकुश पंघाल और अंतिम पंघाल भविष्य में भी इसी तरह देश का तिरंगा विश्व के बड़े खेल
मंचों पर लहराते रहें और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनें। उन्होंने कहा कि हरियाणा
सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं एवं अवसर उपलब्ध
करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रदेश के युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और मेहनत के
दम पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा का नाम रोशन कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर