हिसार : रेलवे की दीवार से जवाहर नगर के रास्ते बंद, जनता और विद्यार्थियों की बढ़ी परेशानी

 


एक दर्जन घरों-दुकानों के आगे दीवार बनी, कई जगह गड्ढे खोदे

संगठनों व जनप्रतिनिधियों ने रेलवे से रास्ता देने की मांग की

हिसार, 27 सितंबर (हि.स.)। आदमपुर ओं जवाहर नगर की ओर रेलवे द्वारा बनाई जा रही दीवार

के चलते मंडी आदमपुर शहर की तरफ आने-जाने वाले लोगों के लिए रास्ता बंद होने का संकट

खड़ा हो गया है। जवाहर नगर की तरफ से शहर में आने के लगभग सभी रास्ते बंद हो चुके हैं।

एक रास्ता अभी बचा है, लेकिन वहां भी निर्माण कार्य चल रहा है। इस पर भी दीवार बनने

के बाद आवागमन पूरी तरह बंद होने की आशंका है। इससे क्षेत्र के लोगों के साथ विद्यार्थियों,

बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और रेल यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता

है।

जवाहर नगर के लोगों ने रविवार काे रास्ता देने की मांग को लेकर करीब एक महीने तक धरना-प्रदर्शन

भी किया और जनप्रतिनिधियों से लेकर अधिकारियों तक अपनी समस्या पहुंचाई, लेकिन अभी तक

समाधान नहीं हो पाया है। लोगों का कहना है कि मंडी आदमपुर की ओर ही सरकारी कार्यालय,

बैंक और प्रमुख बाजार हैं। ऐसे में जवाहर नगर के लोगों और हजारों विद्यार्थियों को

रोजाना शहर की तरफ आना-जाना पड़ता है। रास्ता बंद होने का असर मंडी आदमपुर के दुकानदारों पर भी पड़ने की आशंका जताई

जा रही है। लोगों के अनुसार जवाहर नगर से बड़ी संख्या में लोग रोजाना मंडी आदमपुर बाजार

में किराना, सब्जी, दूध, घी, कपड़े, बर्तन, स्टेशनरी, जनरल स्टोर और मनिहारी सहित अन्य

सामान खरीदने आते हैं।

स्थानीय लोगों का अनुमान है कि जवाहर नगर के लोग प्रतिदिन करीब

पांच लाख रुपये का सामान मंडी आदमपुर से खरीदते हैं। इस हिसाब से महीने में करीब डेढ़

से दो करोड़ रुपये का कारोबार होता है। रास्ता बंद होने से लोगों का आवागमन प्रभावित

होने के साथ दुकानदारों के कारोबार पर भी असर पड़ने की आशंका है। जवाहर नगर की सरपंच सलमा ज्यानी, कुलदीप ज्यानी, जवाहर नगर के पंच, जिला पार्षद

वीर सिंह राहड़, मंडी आदमपुर के सरपंच जगत अग्रवाल, आदमपुर व्यापार मंडल, मानव कल्याण

सेवा ट्रस्ट, भारत विकास परिषद, पंजाबी वेलफेयर सोसायटी, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी

सहित अन्य लोगों ने प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और रेलवे अधिकारियों से जनहित में आवागमन

के लिए रास्ता उपलब्ध करवाने की मांग की है। उनका कहना है कि रास्ता मिलने से क्षेत्र

के लोगों को होने वाली परेशानी और दुकानदारों को संभावित आर्थिक नुकसान से बचाया जा

सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर