पानीपत: ई रिक्शा में सवार महिला के थैले से आठ लाख रुपए के कड़े चोरी
पानीपत, 27 फ़रवरी (हि.स.)। पानीपत के देवी मंदिर रोड बाजार से खरीदारी कर ई-रिक्शा में घर लौट रही एक महिला के साथ सवारी बन कर बैठी एक महिला और उसकी लड़की ने महिला के हाथ में मौजूद थैली को काटकर करीब 55 ग्राम वजन के सोने के कड़े उड़ा लिए। इसकी रिपोर्ट पीड़ित महिला ने तहसील कैंप थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी महिला व उसकी लड़की की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में हुड्डा सेक्टर 13-17 निवासी प्रेमलता ने शुक्रवार को बताया कि वह एक दिन पहले शाम को अपनी पुत्रवधू के साथ सलारगंज गेट स्थित 'पूजा ब्यूटी हब' पर गई थी। खरीदारी के बाद उनकी पुत्रवधू पूजा ने अपने दोनों हाथों से साढ़े पांच तोले के सोने के कड़े उतारकर उन्हें दे दिए। प्रेमलता ने कड़ों को एक छोटे पर्स में रखा, जिसे पहले एक पॉलीथिन में और फिर उसे दूसरी बड़ी पॉलीथिन में सुरक्षित रख लिया। पीड़िता के अनुसार, वे दोनों सलारगंज गेट से ई-रिक्शा में बैठकर घर के लिए निकलीं। जब रिक्शा फतेहपुरी चौक पहुंचा, तो वहां से एक अज्ञात औरत, एक लड़की और एक बच्चा भी उसी ई-रिक्शा में आकर बैठ गए। ये तीनों आरोपी बरसत रोड चुंगी से ठीक पहले ई-रिक्शा से उतर गए। उनके उतरने के कुछ ही देर बाद जब प्रेमलता ने अपने हाथ में पकड़ी थैली चेक की, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। थैली नीचे से फटी हुई थी और उसमें रखा छोटा पर्स व सोने के कड़े गायब थे। पीड़िता का आरोप है कि ई-रिक्शा में साथ बैठी औरत और लड़की ने थैली काटी और गहने चुरा लिए। थाना तहसील कैंप पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात महिला व अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा