पानीपत: हाइवे पर कार में सो रहे युवक की चेन व पर्स चोरी

 


पानीपत, 05 मार्च (हि.स.)। पानीपत में बाबरपुर मंडी के पास जीटी रोड पर एक व्यक्ति को नींद की झपकी आने के कारण गाड़ी खड़ी कर सोना उस वक्त महंगा पड़ गया, जब अज्ञात चोरों ने सोते हुए उस व्यक्ति की दो तोले सोने की चेन, मोबाइल, पर्स तथा जरूरी कागजात चुरा लिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में

जींद निवासी मन्नू ने बताया कि वह तीन-चार मार्च की रात को करनाल से वह अपनी गाड़ी से वापस अपने घर जींद के लिए निकला था। सफर के दौरान चार मार्च को प्रथम पहर जब वह बाबरपुर ट्रैफिक थाना के पास पहुंचा, तो उसे तेज नींद के झटके आने लगे। सुरक्षा के लिहाज से उसने गाड़ी को हाईवे किनारे साइड में लगा लिया और अंदर ही सो गया। सुबह जब उसकी आंख खुली तो वह दंग रह गया। उसके गले से बीस ग्राम वजनी तोले सोने की चेन गायब थी। इसके अलावा गाड़ी में रखा ओप्पो 7 प्रो मोबाइल, पर्स और बैग भी चोरी हो चुका था।

पीड़ित के अनुसार, चोरी हुए पर्स में उसका ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर आईडी जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। चोरों ने बड़ी सफाई से बिना किसी शोर शराबे के पूरी घटना को अंजाम दिया। इसके बाद मन्नू ने तुरंत सेक्टर 13-17 थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मन्नू की शिकायत पर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा