जींद : बहन के शादी समाराेह में गायक मासूम शर्मा से हाथापाई
जींद, 08 जुलाई (हि.स.)। जुलाना थाना पुलिस ने चचेरी बहन की शादी में कुछ युवकों द्वारा हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के साथ हाथापाई करने तथा उसके साथी के साथ मारपीट करने पर एक युवक को नामजद कर कुछ अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव ब्राह्मण निवासी विकास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत छह जुलाई रात को उसकी चचेरी बहन की शादी का कार्यक्रम जुलाना अग्रसैन धर्मशाला में आयोजित किया गया था। उसका छोटा भाई मासूम शर्मा अपनी बहन प्रिया से कमरे में मिलने गया था। बगल वाले कमरे में कुछ बदमाश शराब पी रहे थे, जिनके पास हथियार थे। युवकों ने मासूम शर्मा को गाली देकर आवाज लगाई। मासूम के सुरक्षा गार्ड ने युवकों को रोकने की कोशिश की।
युवकों ने अपने हथियार निकाल लिए और हाथापाई पर उतर आए। मासूम शर्मा किसी तरह वहां से निकलने में कामयाब हो गया। जिसके बाद आरोपितों ने वंहा पर मौजूद लक्ष्य के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपितों में एक युवक कार्तिक भी था। आरोपितों ने उन्हें बड़ी गैंग से संबंध होने तथा तीन दिन में मारने की धमकी दी।
जुलाना थाना पुलिस ने विकास शर्मा की शिकायत पर कार्तिक को नामजद कर कुछ अन्य युवकों के खिलाफ मारपीट करने, दहशत फैलाने, धमकी देने तथा शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बुधवार को जानकारी देते हुए जुलाना थाना के जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा