राेहतक : राज्यसभा चुनाव में भाजपा ने खरीदे वोट, कांग्रेस ने बेचे, इनेलो बिकाऊ नहीं, वास्तविकता जनता के सामने : अर्जुन चौटाला
नरवाना में 23 मार्च को शहीदी दिवस पर इनेलो युवा सम्मेलन होगा ऐतिहासिक, प्रदेश की जनता ने बदलाव का बनाया मन
रोहतक, 21 मार्च (हि.स.)। इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वास्तविकता जनता के सामने है कि किस तरह से भाजपा ने खुला बाजार लगाकर विधायक खरीदने के लिए बोली लगाई और कांग्रेस ने किस तरह से अपने विधायकों को बेच दिया। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में हिस्सा नहीं लेना संगठन का फैसला था और कांग्रेस ने कभी भी इनेलो से सम्पर्क नहीं किया, लेकिन कांग्रेस के राज्यसभा सांसद बने कर्मबीर बौद्ध को इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला का धन्यवाद जरूर करना चाहिए, क्योकि कांग्रेस संगठन ने तो बौद्ध को बेच दिया था, लेकिन ना चाहते हुए उनकी जीत हुई है।
इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला शनिवार को रूपया चौक स्थित पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों की बैठक ली और 23 मार्च को नरवाना में शहीदी दिवस पर होने वाले इनेलो युवा सम्मेलन को लेकर निमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस केवल भूपेन्द्र सिंह हुडा है और भाजपा के हाथों चुनाव में बिक कर क्रास वोटिंग करने वाले विधायकों को अब हुड्डा बचाने में लगे हुए है। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन ऐतिहासिक होगा और अब प्रदेश की जनता ने पूरी तरह से बदलाव का मन बना लिया है, जिसमें युवाओं की अहम भागेदारी होगी। आजाद उम्मीदवार सतीश नांदल द्वारा राज्यसभा चुनाव में इनेलो द्वारा विश्वासघात करने के सवाल पर विधायक अर्जुन चौटाला ने कहा कि वोट मांगने का सबको अधिकार है और सतीश नांदल वोट मांगने के लिए उनके पास व अभय सिंह चौटाला से मिले थे और अभय चौटाला ने साफ शब्दों में कहा था कि देखेगे। उन्होंने कहा कि देखेगे और देगे में काफी फर्क होता है और जो आदमी चुनाव लडता है उसको उम्मीदे ज्यादा होती है। राज्यसभा चुनाव से दूरी बनाने को लेकर उन्होंने कहा कि यह संगठन का फैसला था। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि राज्यसभा के हर चुनाव में रिकार्ड उठाकर देख ले की कांग्रेस ने हमेशा खेला किया है। इस चुनाव में हुड्डा एजेंट थे जिनके सामने सबकुछ हुआ है और अब वहीं चुप क्यों बैठे है, जिससे साफ जाहिर होता है कि हुड्डा भाजपा के हाथ बिक कर क्रॉस वोटिग करने कांग्रेस विधायकों को बचाने में लगे हुए है। इस अवसर पर युवा प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गोस्वामी, जिला प्रधान डॉ. नफे सिंह लाहली, पूर्व विधायक बलवंत मायना, इन्द्र सिंह ढुल प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल