पलवल में लोन के नाम पर महिलाओं से लाखों की ठगी
पलवल, 03 जून (हि.स.)। जिले में महिलाओं के एक समूह से 20 लाख रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर 7.50 लाख रुपये की ठगी का मामला बुधवार को सामने आया है। आरोप है कि एक महिला फाइनेंसर ने फाइल चार्ज के नाम पर रकम वसूलने के बाद अपना कार्यालय बंद कर दिया और फरार हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर थाना में गहलब गांव निवासी गजना, रचना, शांति, सुनीता और अन्नू समेत करीब 25 महिलाओं ने शिकायत दी है कि टहरकी गांव निवासी मनीषा महिलाओं के समूह बनाकर उन्हें लोन दिलाने का काम करती थी। उसने बांस मोहल्ला में अपना कार्यालय खोल रखा था।
पीड़ित महिलाओं ने बताया कि मनीषा पहले भी कई महिलाओं को 30 से 50 हजार रुपये तक का ग्रुप लोन दिलवा चुकी थी, जिसे समय पर चुकाने के कारण उस पर उनका भरोसा बन गया। बाद में उसने 20 लाख रुपये का बड़ा लोन दिलाने का आश्वासन दिया और प्रत्येक महिला से 20 से 25 हजार रुपये फाइल चार्ज के नाम पर जमा करवा लिए। काफी समय बीतने के बाद भी लोन मंजूर नहीं हुआ। जब महिलाओं ने जानकारी ली तो आरोपी ने लोन प्रक्रिया लंबित होने की बात कहकर उन्हें टाल दिया। कुछ समय बाद जब महिलाएं उसके कार्यालय पहुंचीं तो कार्यालय बंद मिला और उसका मोबाइल फोन भी बंद था। जांच में पता चला कि वह रातों-रात कार्यालय खाली कर फरार हो चुकी है।
पीड़ित महिलाओं ने पहले हथीन गेट पुलिस चौकी, एसपी कार्यालय और सीएम विंडो पर शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर डीसी कार्यालय में गुहार लगाई। इसके बाद शहर थाना पुलिस ने आरोपी महिला मनीषा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग