जींद : महिला ने फांसी लगा कर दी जान, पति समेत आठ नामजद

 


जींद, 02 अक्टूबर (हि.स.)। नरवाना स्थित हरि नगर में महिला ने फांसी लगा जान दे दी। शहर थाना नरवाना पुलिस ने मृतका की मां की शिकायत पर पति समेत आठ लोगों के आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार हरि नगर निवासी पवन की पत्नी 28 वर्षीय रजनी ने गुरूवार रात फांसी का फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। ससुरालीजन जब मृतका के शव का अतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे, तो उसी दौरान सूचना पाकर मृतका के मायका पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को मौके पर बुला लिया। मृतका की मां कुरुक्षेत्र निवासी सरोज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी रजनी की शादी लगभग दस साल पहले पवन के साथ हुई थी। शादी के बाद से पति पवन तथा उसके परिजन रजनी को परेशान करते थे। अक्सर उसके साथ मारपीट करते थे। गुरूवार को दिन में भी रजनी के साथ मारपीट की गई थी। जिससे परेशान होकर उसकी बेटी रजनी ने फांसी लगा ली। शहर थाना नरवाना पुलिस ने सरोज की शिकायत पर पति पवन, सास मूर्ति, शुभम, पूजा, डोली, रेनू, सोनू, डा. कृष्ण के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। शुक्रवार को जानकारी देते हुए शहर थाना नरवाना के जांच अधिकारी राजीव ने बताया कि मृतका की मां ने पति समेत आठ लोगों पर आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा