नूंह: पुलिस टीम पर फायरिंग व हमले के चार दोषियों को सात-सात साल की कैद
नूंह, 16 नवंबर (हि.स.)। नूंह पुलिस टीम पर फायरिंग कर सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने और जानलेवा हमला करने के करीब सात साल पुराने मामले में जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. सुशील कुमार गर्ग की अदालत ने अहम फैसला सुनाया है। अदालत ने मामले में चार आरोपियों को दोषी करार देते हुए सात-सात साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही प्रत्येक दोषी पर अलग-अलग धाराओं के तहत कुल 40,500 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। जुर्माना अदा नहीं करने की स्थिति में अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
पुलिस प्रवक्ता ने साेमवार काे बताया कि घटना 9 जुलाई 2019 की है। उस दिन पुन्हाना थाना पुलिस की टीम लुहिंगाकला बस अड्डे के पास एक लूट के मामले में आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मामले से जुड़े चार आरोपी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर ऐचवाड़ी गांव की तरफ से आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने लुहिंगाकला और ऐचवाड़ी गांव के बीच नाकाबंदी कर दी।
कुछ समय बाद दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक वहां पहुंचे। पुलिस टीम को सामने देखकर चारों मोटरसाइकिल छोड़कर अलग-अलग दिशाओं में झाड़ियों की ओर भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने उनका पीछा किया तो आरोप है कि दो आरोपियों ने देशी कट्टों से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने पीछा कर चारों को काबू कर लिया। पुलिस ने मौके से देशी कट्टे, खाली खोल और दोनों मोटरसाइकिलें भी बरामद की थीं।
इस मामले में पुलिस ने इरफान उर्फ ईप्पी निवासी गांधनेर, शौकीन निवासी गांधनेर, आरिफ निवासी गोधोला और लियाकत निवासी मंडोरा के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया था। मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने 12 नवंबर को चारों आरोपियों को दोषी करार दिया था। सोमवार को सजा के बिंदु पर सुनवाई करते हुए अदालत ने चारों को सात-सात साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई।
अदालत ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि दोषियों को सुनाई गई सभी सजाएं एक साथ चलेंगी। ऐसे में चारों दोषियों को अधिकतम सात वर्ष का कारावास भुगतना होगा। करीब सात साल पुराने इस मामले में अदालत के फैसले को पुलिस टीम पर हमले और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामलों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया