जींद : हत्या करने के जुर्म में व्यक्ति को उम्र कैद की सजा

 


जींद, 20 अगस्त (हि.स.)। एडीजे सौरभ गुप्ता कीअदालत ने डीजे पर हुई कहासुनी के चलते छुरी घोंप कर हत्या करने के जुर्म में दोषी का आजीवन कारावास तथा 30 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष के अनुसार गांव ढाकल निवासी अजय ने 11 अक्टूबर 2021 को पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसके ताऊ के लड़के की सगाई पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। रात को खुशी में डीजे पर झूम रहे थे। जिसमें महिलाएं भी शामिल थी। गांव का गोबिंदा तथा उसके साथी डीजे पर नाचने लगे।

जिस पर उसके चाचा सतीश ने गोबिंदा तथा उसके साथियों को डीजे पर नाचने से रोक दिया। जिसको लेकर गोबिंदा की उसके चाचा सतीश से कहासुनी हो गई। गुस्साए गोबिंदा ने उसके चाचा सतीश के पेट में अपने पास मौजूद छुरी का घोंप दिया। जिसमे उसका चाचा सतीश गंभीर रूप से घायल हो गया। पहले सतीश को नरवाना नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां से उसे अग्रोहा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया।

वहां उपचार के दौरान उसके चाचा सतीश ने दम तोड़ दिया। सदर थाना पुलिस ने अजय की शिकायत पर गोबिंदा के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया था। तभी से मामला अदालत में विचाराधीन था। गुरूवार को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सौरभ गुप्ता की अदालत ने हत्या के जुर्म मे गोबिंदा को अजीवन कारावास तथा 30 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा