हिसार : डॉ. कमल गुप्ता की पहल को मिली गति, हिसार में जल्द साकार होगी आईएमसी परियोजना
अमृतसर-कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के तहत एयरपोर्ट
के पास 2988 एकड़ में होगा औद्योगिक क्लस्टर
707 करोड़ के प्रथम चरण की तकनीकी बोली खुली
हिसार, 19 सितंबर (हि.स.)। पूर्व स्वास्थ्य एवं
नागरिक उड्डयन मंत्री तथा वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. कमल गुप्ता द्वारा हिसार के औद्योगिक
विकास के लिए लंबे समय से उठाई जा रही मांग अब साकार होती दिखाई दे रही है। अमृतसर-कोलकाता
इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के तहत हिसार एयरपोर्ट के निकट इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर
(आईएमसी) विकसित किया जाएगा। 707 करोड़ रुपये के प्रथम चरण के विकास कार्यों की तकनीकी
बोली खुल चुकी है। वित्तीय बोली और अंतिम स्वीकृति के बाद निर्माण कार्य शुरू होने
की संभावना है।
डॉ. कमल गुप्ता ने शनिवार काे कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री
नायब सिंह सैनी के समक्ष हिसार के विकास से जुड़ी प्रमुख मांगों में आईएमसी परियोजना
को शीघ्र गति देने का मुद्दा भी रखा था। प्रदेश सरकार द्वारा इस दिशा में तेजी से कार्य
किए जाने से हिसार में औद्योगिक निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने बताया
कि एयरपोर्ट के निकट लगभग 2988 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाली परियोजना के प्रथम
चरण में 1605 एकड़ क्षेत्र में सड़क, सीवरेज, पेयजल, ड्रेनेज, विद्युत और अन्य आधारभूत
सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इससे बड़े उद्योगों के साथ एमएसएमई इकाइयों को भी लाभ
मिलने की उम्मीद है तथा देश-विदेश के निवेशकों को आकर्षित करने का मार्ग प्रशस्त होगा।
डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि आईएमसी परियोजना से
हिसार की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी और हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित
होंगे। इससे क्षेत्र व्यापार, उद्योग और लॉजिस्टिक्स के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित
हो सकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार
हिसार के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है और आईएमसी परियोजना इसी दिशा में
महत्वपूर्ण कदम है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर