भाखड़ा नहर से बिछाई जा रही पाइपलाइन में किया गया था अवैध टी-कनेक्शन, प्रशासन ने हटाया : डीसी

 


जिला के हर घर को पर्याप्त पानी उपलब्ध करवाना

सरकार की जिम्मेदारी, पेयजल की नहीं रहने देंगे कोई कमी : डीसी

हांसी, 23 जून (हि.स.)। भाखड़ा नहर से हांसी शहर

के लिए बिछाई जा रही जल आपूर्ति पाइपलाइन में अवैध रूप से टी-कनेक्शन किया गया था जो

पूरी तरह गैर कानूनी है, जिसे जिला प्रशासन द्वारा कानून व्यवस्था को बनाए रखने को

लेकर सभी नियमों की पालना करते हुए अवैध रूप से लगाई गई टी को हटवा कर कब्जे में लिया

गया है। शहर की पेयजल आपूर्ति के लिए बिछाई जा रही इस मुख्य पाइपलाइन से किसी भी प्रकार

का अवैध कनेक्शन करना कानून का उल्लंघन है और भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों पर

सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह बात उपायुक्त राहुल नरवाल ने मंगलवार काे उपायुक्त कैंप कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि चानौत

गांव के नागरिकों को हर हाल में पर्याप्त मात्रा में भाखड़ा नहर का स्वच्छ पेयजल उपलब्ध

करवाया जाएगा। इसके लिए राजली हेड से चानौत गांव तक नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू

किया जा चुका है। यह कार्य युद्धस्तर पर जारी है और आगामी लगभग तीन माह के भीतर गांव

के प्रत्येक घर तक पर्याप्त स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उपायुक्त ने कहा कि सरकार द्वारा गांव चानौत की

पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगभग साढ़े सात करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की

गई है। इस धनराशि से गांव के जलघर का जीर्णोद्धार किया जाएगा तथा जल आपूर्ति प्रणाली

को आधुनिक और मजबूत बनाया जाएगा, जिससे लंबे समय तक ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना

नहीं करना पड़ेगा।

उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है

कि जिले के हर नागरिक तक स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल पहुंचे। इसी उद्देश्य से विभिन्न

गांवों और शहरी क्षेत्रों में जलापूर्ति से जुड़ी परियोजनाओं को तेजी से पूरा किया

जा रहा है। चानौत गांव के लिए यह परियोजना ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार लाने की

दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर