हिसार में नशे की कमाई पर पुलिस का बुलडोजर: 78.47 लाख की अवैध संपत्ति अटैच

 


पुलिस की दो टूक चेतावनी : नशा बेचोगे तो संपत्ति

जाएगी, जेल भी जाना पड़ेगा

सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, अब तस्करों की अवैध दौलत

भी होगी जब्त : सिद्धांत जैन

हिसार, 20 जून (हि.स.)। हरियाणा सरकार के नशामुक्त

हरियाणा अभियान को प्रभावी रूप से लागू करते हुए जिला पुलिस ने नशा तस्करों के विरुद्ध

एक और ऐतिहासिक एवं निर्णायक कार्रवाई की है। पुलिस ने नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों

पर कानूनी शिकंजा कसते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत 78 लाख 47 हजार 170

रुपये मूल्य की संपत्तियों को अटैच किया है।

तीन माह में दर्ज एनडीपीएस मामलों की गहन जांच

के बाद हुई कार्रवाई

पुलिस द्वारा बीते तीन माह के दौरान दर्ज विभिन्न

एनडीपीएस मामलों की विस्तृत वित्तीय एवं संपत्ति संबंधी जांच की गई। जांच में सामने

आया कि आरोपियों ने नशा तस्करी से अर्जित अवैध धन से कई वाहन एवं अन्य संपत्तियां खरीदी

थीं। सभी दस्तावेजों का सत्यापन एवं कानूनी प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत इन संपत्तियों

को अटैच किया गया।

इस तरह की पुलिस ने कार्रवाई

कुल अटैच संपत्ति का मूल्य : 78 लाख 47 हजार

170

विभिन्न मामलों के कुल आरोपी : 9

इन मामलों में कुल वाहन अटैच : 16

अटैच संपत्तियों में शामिल वाहन

चार कारें, एक मोटर कैब, एक लेलेंड कैंटर, 8 मोटरसाइकिल

व दो स्कूटी।

इन आरोपियों की अवैध संपत्तियों पर हुई कार्रवाई

पुलिस ने कुल नौ आरोपियों की संपतियों पर कार्रवाई

की है। इनमें राजस्थान के खाजूवाला निवासी विजयपाल की तीन कारें व एक मोटरसाइकिल, पंजाब

के मोगा निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी की 6 पहिया अशोक लेलेंड गाड़ी, हिसार के

पीरांवाली निवासी सतपाल उर्फ सत्ती की एक ब्रेजा कार एवं एक मोटरसाइकिल, हिसार के संत

नगर निवासी भूपेन्द्र की एक मोटरसाइकिल एवं एक स्कूटी शामिल है। इसी तरह हिसार के चमारखेड़ा

गांव निवासी सोनू की एक पल्सर मोटरसाइकिल, अंबेडकर कॉलोनी निवासी विकास उर्फ सरकारी

की एक स्कूटी, अंबेडकर बस्ती के संजय एक अपाचे मोटरसाइकिल, ढाणी सदलपुर निवासी रविन्द्र

उर्फ बोला की दो मोटरसाइकिल तथा ढाणी सदलपुर के ही मनीष उर्फ घोलू की एक मोटर कैब एवं

एक मोटरसाइकिल शामिल हैं, जो अटैच की गई है।

आर्थिक साम्राज्य को भी ध्वस्त किया जाएगा : एसपी

पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि पुलिस अब

केवल नशा तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके अपराध से अर्जित आर्थिक

साम्राज्य को भी ध्वस्त करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता और कानूनी मजबूती के साथ कार्य

कर रही है। जब तक नशा तस्करों की अवैध कमाई और संपत्तियों पर प्रहार नहीं होगा, तब

तक नशे के संगठित नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि जो

लोग नशे का कारोबार कर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करेंगे, उन्हें किसी भी कीमत पर

बख्शा नहीं जाएगा। नशे की कमाई से खरीदी गई एक-एक संपत्ति पर हिसार पुलिस की पैनी नजर

है। चाहे वह वाहन हो, मकान हो, जमीन हो या कोई अन्य संपत्ति यदि वह अपराध की कमाई से अर्जित की गई है तो उसे कानून के तहत जब्त किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर