यमुनानगर:पुलिस ने अवैध पिस्टल सहित युवक को किया गिरफ्तार
यमुनानगर, 11 जून (हि.स.) यमुनानगर पुलिस के स्पेशल सेल ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को देसी पिस्टल सहित गिरफ्तार किया है।
स्पेशल सेल प्रभारी रमन चंदेल ने गुरुवार को बताया कि टीम को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक युवक जगाधरी के त्रिकोणी चौक क्षेत्र में अवैध हथियार के साथ मौजूद है। पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर निगरानी करते हुए संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके पास से एक देसी पिस्टल बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान सेक्टर-17 हुड्डा, जगाधरी निवासी प्रवीण कुमार के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी के विरुद्ध शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि उसके खिलाफ पूर्व में पॉक्सो अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज हो चुका है, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। स्पेशल सेल का कहना है कि जिले में अवैध हथियारों की रोकथाम और अपराध नियंत्रण को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार