यमुनानगर पुलिस ने दो युवक अवैध हथियारों सहित किए गिरफ्तार

 


यमुनानगर, 05 जुलाई (हि.स.) यमुनानगर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से दो देसी कट्टे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामले दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

अपराध शाखा-2 के प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि साढ़ौरा क्षेत्र में नकटी नदी के पास एक युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी की पहचान जिला अंबाला निवासी हर्षित के रूप में हुई।

इसी प्रकार अपराध शाखा-1 के प्रभारी राजकुमार ने बताया कि उनकी टीम को पश्चिमी यमुना नहर क्षेत्र में एक युवक के अवैध हथियार के साथ घूमने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू कर लिया। तलाशी में उसके कब्जे से भी एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। उसकी पहचान शादीपुर निवासी मुकर्रम के रूप में हुई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरामद हथियार कहां से लाए गए थे और उनका इस्तेमाल किसी आपराधिक वारदात में किया जाना था या नहीं। पुलिस पूरे प्रकरण के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार