जींद : ऑपरेशन मुस्कान के तहत लावारिस बच्चे को परिजनों से मिलाया
जींद, 03 अप्रैल (हि.स.)। ऑपरेशन मुस्कान के तहत लापता, भटके हुए बच्चों को उनके परिजनों से मिलाया गया। अभिभावक अपने बच्चे को पाकर बेहद प्रसन्न नजर आए।
थाना उचाना के प्रभारी उप निरीक्षक दिलबाग सिंह ने बताया कि शुक्रवार को सहायक उपनिरीक्षक सुखविंद्र सिंह के नेतृत्व में उनकी एक टीम गश्त पर थी। तभी बस अड्डा सफाखेड़ी के पास एक नौ वर्षीय बालक लावारिस हालत में घूमता हुए देखा। पूछताछ के दौरान बालक की पहचान नीरज पुत्र माताबदन निवासी गांव औरंग जिला बांदा उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। पुलिस टीम द्वारा तुरंत कार्रवाई करते हुए बालक से पूछताछ की गई तथा उसके परिजनों की तलाश शुरू की गई। मुस्तैदी और सूझबूझ के चलते पुलिस ने मात्र चार घंटों में बालक के परिजनों से संपर्क स्थापित किया। नियमानुसार बालक का मेडिकल परीक्षण करवाया गया तथा उसे बाल कल्याण समिति सीडब्ल्यूसी के समक्ष पेश कर काउंसलिंग करवाई गई। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत ऑपरेशन मुस्कान के तहत बालक नीरज को पूर्णत: स्वस्थ अवस्था में उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया। परिजनों ने जींद पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की।
एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि जींद पुलिस आमजन से अपील करती है कि यदि कहीं कोई बच्चा लावारिस या संदिग्ध अवस्था में दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि समय रहते बच्चे को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा