जींद : सफाई एवं अग्निशमन कर्मचारियों ने डिप्टी स्पीकर आवास पर किया प्रदर्शन

 


जींद, 05 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार की कथित कर्मचारी विरोधी नीतियों और कर्मचारियों के साथ वादाखिलाफी के विरोध में सफाई एवं अग्निशमन कर्मचारियों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। मांगों को लेकर ज्ञापन हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा को सौंपा। इस दौरान प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने साफ शब्दों में कहा कि अब केवल आश्वासनों से काम नहीं चलेगा और सरकार को कर्मचारियों के साथ हुए समझौतों को तत्काल लागू करना होगा।

कर्मचारी नेता सोहनलाल ने कहा कि 13 मई को हुए समझौते को अभी तक लागू नहीं किया गया है। सरकार लगातार कर्मचारियों की जायज मांगों को नजरअंदाज कर रही है और केवल आश्वासन देकर समय बिताया जा रहा है। कर्मचारियों का कहना था कि लंबे समय से संघर्ष कर रहे सफाई एवं अग्निशमन कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने की बजाय सरकार टालमटोल की नीति अपना रही है। इससे कर्मचारियों में भारी रोष है और आंदोलन लगातार मजबूत होता जा रहा है। उन्होंने मांग की कि 13 मई को हुए समझौते को तुरंत लागू किया जाए। एक्सग्रेशिया नीति को मजबूत किया जाए। ठेका प्रथा को बंद किया जाए। कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए। कर्मचारियों ने कहा कि सफाई एवं अग्निशमन कर्मचारी आम जनता को आवश्यक सेवाएं प्रदान करते हैं लेकिन सरकार उनकी समस्याओं और भविष्य के प्रति गंभीर नहीं है। लंबे समय से संघर्ष कर रहे कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं होने के कारण आंदोलन लगातार मजबूत हो रहा है।

नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किया तो आंदोलन को और व्यापक और उग्र किया जाएगा। प्रदर्शन में सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान संजीव ढांडा, ब्लॉक प्रधान मंदीप नेहरा्र नगरपालिका कर्मचारी संघ के जिला प्रधान सोहनलाल, ब्लॉक प्रधान बिजेंद्र कांगड़ा तथा इकाई सचिव जितेंद्र, बेदो, सुमित्रा, कृष्ण, सुरेश, सुमित, सुनील, सुभाष सहित बड़ी संख्या में सफाई एवं अग्निशमन कर्मचारियों ने प्रदर्शन में भाग लिया। कर्मचारियों ने कहा कि मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। जिसके तहत आने वाली 13 सितंबर को प्रदेशभर के सफाई व अग्निशमन कर्मचारी कुरुक्षेत्र में सीएम आवास पर प्रदर्शन करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा