आईडीएफसी बैंक घोटाले में ईडी ने एसीबी से मांगा रिकार्ड

 

चंडीगढ़, 28 फ़रवरी (हि.स.)। आईडीएफसी बैंक द्वारा हरियाणा सरकार के साथ किए गए 590 करोड़ के फर्जीवाड़े में अब ईडी भी जांच करेगी। इस मामले में हरियाणा एसीबी पहले से जांच कर रही है। जांच के चलते एसीबी द्वारा बैंक के चार अधिकारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट के अधिकारियों ने घोटाले की जांच कर रही एंटी करप्शन ब्यूरो को पत्र लिखकर घोटाले से जुड़े दस्तावेज मांगे हैं। दस्तावेज मिलते ही ईडी इस केस की जांच करेगी।

ईडी की टीम द्वारा पहले ही दिन से इस मुद्दे पर नजर रखी जा रही है और अपने स्तर पर कई तरह की जानकारियां एकत्र की जा चुकी हैं। एसीबी द्वारा गिरफ्तार आरोपी सात दिन के पुलिस रिमांड पर हैं। रिमांड अवधि खत्म होने के बाद ईडी मामला दर्ज कर आरोपियों को अपनी हिरासत में ले सकती है। एसीबी ने जांच के दौरान बैंक अधिकारी व कर्मचारियों को तलब किया। जिनसे कई दौर की पूछताछ दिनभर होती रही।

पूछताछ के दौरान आरोपियों के समक्ष भी बैंककर्मियों को ले जाया गया। आरोपियों से पूछताछ के बाद उनके घर से लैपटॉप बरामद किए हैं। आशंका है कि आरोपियों ने बरामदगी से पहले लैपटॉप से काफी डेटा डिलीट कर दिया है। जिसे रिकवर करने के लिए साइबर एक्सपर्ट की मदद ली जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा