हिसार : विद्यार्थियों के हितों का ध्यान रखना बेहतर शैक्षणिक वातावरण की पहचान : प्रो. बीआर कम्बोज
हिसार, 10 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मत्स्य विज्ञान
महाविद्यालय के विद्यार्थियों का वर्षों से लंबित रावे (ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव)
भत्ता जारी होने पर विद्यार्थियों ने शनिवार काे कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज से मुलाकात कर उनका
आभार व्यक्त किया। विश्वविद्यालय प्रशासन और कुलपति के प्रयासों से भत्ता जारी होने
पर स्नातक और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने प्रसन्नता जताई। मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय
के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों का रावे भत्ता पिछले कई वर्षों से लंबित था। विश्वविद्यालय
प्रशासन की पहल से भत्ता जारी होने पर विद्यार्थियों को राहत मिली है।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने कहा कि विद्यार्थियों के हितों का
ध्यान रखना बेहतर शैक्षणिक वातावरण की पहचान है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने ज्ञान
और कौशल में निरंतर वृद्धि करने, नई तकनीकों को अपनाने और शोध कार्यों में सक्रिय भागीदारी
करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई से प्राप्त ज्ञान
का व्यावहारिक जीवन में उपयोग करना चाहिए और भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के
लिए स्वयं को तैयार करना चाहिए। मेहनत, सकारात्मक सोच और लगातार सीखने की आदत से विद्यार्थी
अपने साथ-साथ समाज और देश के विकास में भी योगदान दे सकते हैं।
मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय के नियंत्रक अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता ने कहा कि
रावे भत्ता जारी होने से विद्यार्थियों को राहत मिली है। विश्वविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों
की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है और उनके हितों का ध्यान रखना उसकी
प्राथमिकता है। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. दलीप बिश्नोई सहित विद्यार्थी उपस्थित
रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर