हरियाणा में 16 आईएएस एवं 10 एचसीएस अफसरों का तबादला

 

चंडीगढ़, 08 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक मशीनरी में बड़ा फेरबदल किया है। 16 आईएएस और 10 एचसीएस अधिकारियों की नई पोस्टिंग की गई है। नए आदेशों के अनुसार टाउन एंड कंट्री प्लानिंग, अर्बन एस्टेट्स, शहरी स्थानीय निकाय, एचएसवीपी और गुरुग्राम मेट्रो की कमान बदली गई है। इसके साथ ही एचएएफईडी, कृषि, आबकारी, एचएसआईआईडीसी और हरियाणा फाइनेंशियल कॉरपोरेशन में भी नई तैनाती हुई है।

जे गणेशन (2006) को टाउन एंड कंट्री प्लानिंग का महानिदेशक और विभाग का सचिव बनाया गया है। उन्हें महानिदेशक अर्बन एस्टेट्स की जिम्मेदारी भी दी गई है। वे सिटीजन रिसोर्सेज इंफॉर्मेशन विभाग के कमिश्नर एवं सचिव बने रहेंगे। हरियाणा एआई डेवलपमेंट प्रोजेक्ट और क्लीन एयर प्रोजेक्ट समेत अन्य बाहरी सहायता प्राप्त परियोजनाओं का प्रभार भी उनके पास रहेगा। आईएएस अमित खत्री को अब निदेशक कृषि और एमडी हरियाणा सीड्स डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लगाया गया है। उनके पास पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग और हरियाणा कौशल रोजगार निगम के सीईओ का प्रभार भी रहेगा।

इसके अलावा शरणदीप कौर बराड़ (2009) को महानिदेशक शहरी स्थानीय निकाय बनाया गया है। वे विभाग की सचिव भी होंगी। स्टेट अर्बन लाइवलीहुड मिशन और स्टेट अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी का प्रभार भी उनके पास रहेगा। वे मुकुल कुमार की जगह लेंगी। मुकुल कुमार (2011) को अब चीफ एडमिनिस्ट्रेटर एचएसवीपी पंचकूला लगाया गया है। वे एमडी गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड और एमडी हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन भी होंगे। इन तीनों पदों पर वह चंदर शेखर खरे की जगह आए हैं। हॉस्पिटैलिटी हरियाणा का प्रभार उनके पास बना रहेगा। विवेक पदम सिंह (2014) को प्रशासक एचएसवीपी रोहतक बनाया गया है। वह अतिरिक्त निदेशक अर्बन एस्टेट रोहतक भी होंगे। दोनों पद उन्हें रिक्तियों के विरुद्ध दिए गए हैं।

चंद्रशेखर खरे (2008) को एमडी एचएएफईडी बनाया गया है। साथ ही उन्हें महानिदेशक हाउसिंग फॉर ऑल एवं विभाग के सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। एचएएफईडी में वह अनिश यादव की जगह आए हैं। हाउसिंग फॉर ऑल में वह ज़े गणेशन की जगह लेंगे। अनिश यादव (2014) को अब आबकारी एवं कराधान आयुक्त बनाया गया है। वह विभाग के विशेष सचिव भी होंगे। वित्त विभाग के विशेष सचिव का प्रभार भी उन्हें दिया गया है। यादव को हरियाणा इंटरनेशनल हॉर्टिकल्चरल मार्केटिंग कॉरपोरेशन, गन्नौर का एमडी भी बनाया गया है। आबकारी एवं कराधान आयुक्त के पद पर वह विनय प्रताप सिंह की जगह आए हैं।

विनय प्रताप सिंह (2011) ट्रेड फेयर अथॉरिटी ऑफ हरियाणा, नई दिल्ली के प्रशासक बने रहेंगे। इसके साथ उन्हें एमडी एचएसआईआईडीसी और एमडी हरियाणा फाइनेंशियल कॉरपोरेशन बनाया गया है। दोनों पदों पर वह सुशील सारवान की जगह आए हैं। अब सुशील सारवान (2012) को विकास एवं पंचायत विभाग का निदेशक बनाया गया है। वे विभाग के विशेष सचिव भी होंगे। सारवान को एमडी हरियाणा स्टेट को-ऑपरेटिव एपेक्स बैंक की जिम्मेदारी भी दी गई है। विकास एवं पंचायत विभाग में वह अनिश यादव की जगह आए हैं। एपेक्स बैंक में वह डॉ़ प्रफुल्ल रंजन की जगह लेंगे।

राजीव रंजन (1998) को वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ प्रधान सचिव मत्स्य विभाग बनाया गया है। यह पद रिक्त था। अमनीत पी़ कुमार (2001) को प्रधान सचिव खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले लगाया गया है। उनके पास फ्यूचर विभाग और खेल विभाग का प्रभार भी रहेगा। खाद्य विभाग का प्रभार अब ज़े गणेशन की जगह उन्हें मिला है। अशोक कुमार मीणा (2006) शहरी स्थानीय निकाय विभाग के कमिश्नर एवं सचिव बने रहेंगे। उन्हें विदेश सहयोग विभाग का प्रभार भी दिया गया है। विदेश सहयोग विभाग में वह अमनीत पी़ कुमार की जगह आए हैं। मणि राम शर्मा (2009) को सचिव राजस्व एवं आपदा प्रबंधन बनाया गया है। उन्हें चीफ सेटलमेंट कमिश्नर, हरियाणा का प्रभार भी दिया गया है। दोनों पद रिक्त थे। राजनारायण कौशिक (2010) को एमडी हारट्रोन बनाया गया है। वह एमडी हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन भी होंगे। हारट्रोन में वह ज़े गणेशन की जगह आए हैं। वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन में वह शारनदीप कौर बराड़ की जगह लेंगे। शेखर विद्यार्थी (2004) को वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया है। यह प्रभार पहले विनय प्रताप सिंह के पास था। पार्थ गुप्ता (2013) खेल और पर्यटन का वर्तमान प्रभार संभालते रहेंगे। उन्हें निदेशक कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण तथा संबंधित विभाग के विशेष सचिव का प्रभार भी दिया गया है। वे सत्येंद्र दुहन (2018) की जगह आए हैं।

10 एचसीएस अफसरों की भी नई पोस्टिंग

योगेश कुमार मेहता को सचिव हरियाणा ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड और सचिव हरियाणा स्टेट फूड कमीशन लगाया गया है। निशु पी़ नम्रता सिंगल को अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन), एलिमेंट्री एजुकेशन बनाया गया है। उन्हें अतिरिक्त राज्य परियोजना निदेशक, हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की जिम्मेदारी भी दी गई है। एलिमेंट्री एजुकेशन में वह नीरज शर्मा और स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद में मयंक वर्मा की जगह लेंगी। विराट ओएसडी टू प्रिंसिपल सेक्रेटरी टू सीएम बने रहेंगे। उन्हें कंट्रोलर प्रिंटिंग एंड स्टेशनरी और अतिरिक्त सचिव का प्रभार भी दिया गया है। यह जिम्मेदारी पहले विवेक पदम सिंह के पास थी। जगदीप सिंह को एस्टेट ऑफिसर एचएसवीपी हिसार और लैंड एक्विजिशन ऑफिसर हिसार लगाया गया है। वह अवकाश पर चल रहीं आंचल भास्कर की जगह आए हैं। संदीप अग्रवाल को अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन), एससी एवं बीसी कल्याण विभाग बनाया गया है। वह अवकाश पर चल रहीं ममता की जगह आए हैं। राकेश सैनी को एस्टेट ऑफिसर-।। और लैंड एक्विजिशन ऑफिसर, गुरुग्राम लगाया गया है। अनुपमा मलिक को एस्टेट ऑफिसर-।, एचएसवीपी गुरुग्राम की जिम्मेदारी दी गई है। सुरेश रवेश, जो पोस्टिंग का इंतजार कर रहे थे, अब ज्वाइंट ट्रांसपोर्ट कमिश्नर, हरियाणा होंगे। नीरज शर्मा को सचिव स्टेट पुलिस कंप्लेंट अथॉरिटी बनाया गया है। वह एचएसएससी के सचिव (कानूनी) का प्रभार भी संभालेंगे। मयंक वर्मा को ज्वाइंट डायरेक्टर (प्रशासन), फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन लगाया गया है। वह आयुष्मान भारत, हरियाणा हेल्थ प्रोटेक्शन अथॉरिटी के ज्वाइंट सीईओ बने रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा