आईएएस अनुराग अग्रवाल को हरेरा पंचकूला की जिम्मेदारी

 

- चेयरमैन के इस्तीफे के बाद से रिक्त था पद

चंडीगढ़, 20 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने नगर एवं आयोजना विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल को हरियाणा रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथारिटी (हरेरा) पंचकूला का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। नए चेयरमैन की नियुक्ति तक उन्हें यह अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।

नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग के सचिव जे गणेशन ने हरेरा पंचकूला के चेयरमैन की नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं। परनीत एस सचदेव के इस्तीफे के बाद से करीब एक महीने से हरेरा पंचकूला के चेयरमैन का पद रिक्त चल रहा है। सचदेव ने 21 जुलाई को इस्तीफा दिया था, जिसे राज्यपाल ने 20 अक्टूबर से मान्य कर लिया।

हरेरा राज्य में संपत्ति और निर्माण क्षेत्र को विनियमित करने वाली वैधानिक संस्था है। हरेरा गुरुग्राम मुख्य रूप से गुरुग्राम जिले के प्रोजेक्ट, शिकायतों और रियल एस्टेट गतिविधियों को देखता है, जबकि हरेरा पंचकूला प्रदेश के बाकी जिलों से जुड़े मामलों का निपटारा करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा