प्रधानमंत्री के जींद दौरे की तैयारी: दो आईएएस और चार एचसीएस अधिकारी तैनात

 

चंडीगढ़, 10 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के जींद में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 जुलाई को देश की पहली हाईड्रोजन ट्रेन को झंडी दिखाएंगे। प्रधानमंत्री के जींद आगमन को लेकर राज्य सरकार पूरी तरह से सक्रिय हो गई है। तैयारियों को तीव्र गति से आगे बढ़ाने के लिए हरियाणा के मुख्य सचिव ने दो आईएएस तथा चार एचसीएस अधिकारियों को जींद में तैनात किया है। यह सभी अधिकारी जींद के जिला उपायुक्त के डिपोजल पर रहेंगे।

इस अवसर पर जींद में एक जनसभा का भी आयोजन किया जाएगा। इस बीच मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने शुक्रवार को एक आदेश जारी करते हुए आईएएस अधिकारी यश जुलका, विवेक आर्य तथा एचसीएस अधिकारी जगदीप सिंह, मनीष कुमार लोहान, संजय बिश्नोई तथा राजेश खोथ को अस्थाई रूप से जींद में तैनात किया है। उक्त सभी अधिकारी जींद के जिला उपायुक्त की मांग व जरूरत के अनुसार ड्यूटी देंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा