जींद : हाइड्रोजन ट्रेन के सभी ट्रायल हुए सफल
शुरू में 75 की स्पीड से चलेगी ट्रेन
डीआरएम ने रेलवे स्टेशन पर पहुंच लिया तैयारियों का जायजा
जींद, 15 जुलाई (हि.स.)। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के सभी ट्रायल सफल होने के बाद बुधवार को रेलवे जंक्शन पर तैयारियां का जायजा लेने डीआरएम पुष्पेश रमन त्रिपाठी बुधवार को जींद पहुंचे। इस दौरान डीसी डा. वैशाली शर्मा व एसपी कुलदीप सिंह भी साथ मौजूद रहे। उन्होंने उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर डीसी व एसपी के साथ विचार विमर्श किया। इसके बाद उन्होंने जंक्शन परिसर में इमजेंसी मेडिकल रूम का भी निरीक्षण किया। फिर वे टिकट काउंटर परिसर में पहुंचे और कर्मचारियों से बातचीत की। पत्रकारों से बातचीत में डीआरएम पुष्पेश रमन त्रिपाठी ने कहा कि अभी जिस तरह की टेक्नालाजी मिलने जा रही है, यह टेक्नालाजी विश्व के कुछ ही चुनिंदा देशों के पास है और इतनी बड़ी हाइड्रोजन ट्रेन चलाने की टेक्नालाजी तो विश्व के किसी देश के पास नहीं है।
10 कोच ही से यह ट्रेन चलेगी। इतनी बड़ी ट्रेन है कि इसमें कुल 2600 यात्री सफर कर सकते हैं, जिसमें से 700 लोगों के बैठकर सफर करने की सुविधा रहेगी। उन्होंने बताया कि अभी जींद से सोनीपत रूट पर 75 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से चलाए जाने को लेकर ट्रेन अनुकूल है। अभी रेलवे इससे ज्यादा तेज गति से चलाने को लेकर प्रयासरत है। ट्रायल होने के बाद गाड़ी चलाने को लेकर नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हाइड्रोजन बसें चल रही हैं।
दिल्ली को प्रदूषण मुक्त करने को लेकर प्रयास किया जा रहा है। उसी तरह यह हाइड्रोजन ट्रेन भी अच्छी तरह चलेगी और सभी ट्रायल काफी सफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह नई टेक्नालाजी का शुभारंभ जींद से होन जा रहा है। हाइड्रोजन गैस प्लांट में नहीं बनने के सवाल पर डीआरएम ने कहा कि हाइड्रोजन को बनाने के जो तरीके हैंए उसमें हमें हाइड्रोजन लाकर इस्तेमाल करनी है। इसके अलावा हम यहां भी हाइड्रोजन बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा