यमुनानगर:चरित्र संदेह में पति ने की पत्नी की गला दबाकर हत्या, खुद पुलिस को दी सूचना
यमुनानगर, 05 मई (हि.स.) यमुनानगर के शादीपुर क्षेत्र में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है, जहां पति ने ही कथित तौर पर पत्नी का गला दबाकर उसकी जान ले ली। घटना के बाद आरोपी ने स्वयं पुलिस को सूचना दी, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 35 वर्षीय नीलम के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया की रहने वाली थी। उसकी शादी वर्ष 2013 में गाजीपुर निवासी संतोष कुमार के साथ हुई थी। दंपति पिछले कई वर्षों से यमुनानगर के शादीपुर गांव में किराए के मकान में रह रहे थे और उनके दो पुत्र हैं, जिनकी उम्र आठ और छह वर्ष बताई गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। बताया गया कि बीती रात दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने गला दबाकर पत्नी की हत्या कर दी। घटना के बाद महिला का शव घर में ही पड़ा रहा। अगले दिन देर रात आरोपी ने स्वयं पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद आरोपी अपने दोनों बच्चों को साथ लेकर घर से बाहर चला गया था। बाद में वह वापस लौटा और पुलिस को सूचना दी। फिलहाल दोनों बच्चे सुरक्षित हैं और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार