पानीपत: पत्नी की हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार
पानीपत, 16 जुलाई (हि.स.)। पानीपत पुलिस ने भारत नगर में हुई महिला शिल्पी की हत्या के मामले में पति विपिन को बुधवार देर रात कच्चा कैंप पीपल मंडी से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपने मौसेरे भाई हरेंद्र के साथ मिलकर पत्नी शिल्पी की गला दबाकर हत्या करना स्वीकार किया है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि पत्नी फैक्टरी में काम करती थी। वह पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसी के चलते उसने मौसेरे भाई हरेंद्र के साथ मिलकर पत्नी की हत्या करने की साजिश रची और दोनों ने मिलकर 10 जुलाई की रात भारत नगर में कमरे पर शिल्पी की गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने गुरुवार को आरोपी विपिन को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करने के साथ फरार आरोपी हरेंद्र के ठिकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा