एचएसएससी ने जारी की पीएमटी शॉर्टलिस्ट; डिप्टी रेंजर समेत अन्य पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू
चंडीगढ़, 11 जून (हि.स.)। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) ने विभिन्न
भर्तियों के लिए फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (पीएमटी) की शॉर्टलिस्ट जारी कर दी है।
इसके साथ ही हजारों अभ्यर्थियों के लिए भर्ती प्रक्रिया का अगला और अहम चरण शुरू
हो गया है। आयोग ने विज्ञापन संख्या 13/2024, 02/2026 और 04/2026 के तहत पात्र
अभ्यर्थियों की सूची जारी करते हुए साफ कर दिया है कि अब चयनित उम्मीदवारों को तय
समय और तय बैच के अनुसार रिपोर्ट करना होगा। देरी करने वालों को प्रवेश नहीं
मिलेगा।
आयोग ने जिन पदों के लिए अभ्यर्थियों को पीएमटी के लिए
बुलाया है उनमें डिप्टी रेंजर, वार्डर (पुरुष/महिला), असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट जेल, पुरुष एवं महिला
कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी),
सब-इंस्पेक्टर, फॉरेस्टर और फॉरेस्ट
गार्ड शामिल हैं। इन सभी पदों के लिए भर्ती शर्तों के आधार पर उम्मीदवारों की
शॉर्टलिस्ट तैयार की गई है और सूची आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। इस बार
प्रतियोगिता भी अलग-अलग स्तर की दिखाई दे रही है। विज्ञापन संख्या 13/2024 के तहत खेल कोटा
श्रेणी में डिप्टी रेंजर,
वार्डर, असिस्टेंट
सुपरिंटेंडेंट जेल,
पुरुष
एवं महिला कांस्टेबल और सब-इंस्पेक्टर पदों के लिए उपलब्ध पदों की संख्या के
मुकाबले 10 गुना अभ्यर्थियों को
पीएमटी के लिए बुलाया गया है।
वहीं फॉरेस्टर (विज्ञापन 02/2026) और फॉरेस्ट गार्ड
(विज्ञापन 04/2026)
के
लिए मुकाबला और बड़ा रखा गया है। इन दोनों पदों पर रिक्तियों के मुकाबले 25 गुना अभ्यर्थियों को
अगले चरण के लिए चुना गया है। फॉरेस्ट गार्ड भर्ती के लिए पीएमटी 15 और 16 जून 2026 को आयोजित होगा।
प्रक्रिया को चार बैचों में बांटा गया है ताकि व्यवस्था और समय प्रबंधन बेहतर रहे।
पहला बैच सुबह 6:30
बजे, दूसरा सुबह 8:30 बजे, तीसरा सुबह 10:30 बजे और चौथा बैच
दोपहर 12:30
बजे का रहेगा। आयोग ने साफ चेतावनी दी है कि निर्धारित समय के बाद किसी को प्रवेश नहीं
मिलेगा। पहले बैच के लिए सुबह 7 बजे, दूसरे के लिए 9 बजे, तीसरे के लिए 11 बजे और चौथे के लिए
दोपहर 1 बजे के बाद एंट्री
बंद कर दी जाएगी।
फॉरेस्टर भर्ती तथा विज्ञापन 13/2024 के अंतर्गत आने वाले
अन्य पदों के लिए पीएमटी 16
जून
को चौथे बैच में आयोजित किया जाएगा। इन उम्मीदवारों को दोपहर 12:30 बजे रिपोर्ट करना होगा
और 1 बजे के बाद प्रवेश बंद
कर दिया जाएगा। आयोग ने यह भी कहा है कि जरूरत पड़ने पर भविष्य में पीएमटी के लिए
बुलाए जाने वाले अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा