एचएसएससी जल्द पूरी करेगा 13 हजार पदों की भर्ती प्रक्रिया
चंडीगढ़, 08 जून (हि.स.)। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा विभिन्न पदों पर 13 हजार भर्तियां की जाएंगी। आने वाले दिनों में अभ्यर्थियों के सपनों को साकार करने के कड़ी में हजारों पदों पर नए विज्ञापन निकाले जाने हैं और
13 हजार की भर्तियां भी बहुत जल्द पूरी की जाएंगी।
हरियाणा
कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने अपने कार्यकाल के दो साल पूरे होने
के अवसर पर सोमवार को जारी बयान में बताया कि आने वाले समय में भर्ती प्रक्रिया
को और तेज किया जाएगा। भर्तियाँ केवल पद नहीं भरतीं, वे परिवारों के सपनों को नई पहचान देती हैं।
8 जून 2024 को बतौर चेयरमैन कार्यभार संभालने वाले हिम्मत सिंह ने
कहा कि जब उन्होंने हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग
के अध्यक्ष के पद की शपथ ली तो उनके सामने नई चुनौतियां
थी। उन्होंने कहा कि दो वर्षों में लाखों युवाओं के सपनों, उम्मीदों और संघर्षों को बहुत करीब से देखा है, अनेक
चुनौतियां आईं, कठिन निर्णय लेने पड़े, लेकिन
हर निर्णय के केंद्र में केवल एक लक्ष्य रहा कि मेहनत
करने वाले अभ्यर्थियों को उनका हक दिलाया जाए।
दो
वर्ष के दौरान आयोग ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 46951 अभ्यर्थियों व उनके परिवारों के सपनों और उम्मीदों को साकार करने के साथ
उनके विश्वास को जीतने का कार्य किया है। इन्हीं परिणामों में से एक परिणाम,
25 हजार सपने साकार के मूल मंत्र को लेकर 25000 अभ्यर्थियों का एक परिणाम आयोग ने जारी किया जो कि पूरे आयोग के इतिहास
का सबसे बड़ा परिणाम साबित हुआ।
पिछले वर्ष सम्पन्न हुई ग्रुप सी की सीईटी परीक्षा में 13.5 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। जिसमें 92 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने
परीक्षा में भाग लिया। यह परीक्षा का आयोजन अपने आप में एक बड़ी
चुनौती थी। आयोग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, जिला
प्रशासन, पुलिस विभाग, परिवहन विभाग,
रोडवेज कर्मियों, धार्मिक एवं सामाजिक
संस्थाओं ने इस परीक्षा को केवल एक परीक्षा नहीं रहने दिया, बल्कि
इसे पूरे हरियाणा का एक उत्सव बना दिया। भविष्य में सीईटी के आयोजन को
नियमित बनाया जाएगा और भर्ती प्रक्रिया को तेज किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा