हरियाणा में ईडब्ल्यूएस विद्यार्थियों को आईटीआई में मिलेगा दो हजार रुपये मासिक स्टाइपेंड

 

चंडीगढ़, 29 जून (हि.स.)। हरियाणा सरकार औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को आर्थिक मदद देकर तकनीकी शिक्षा की ओर आकर्षित करने की तैयारी में है। सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के विद्यार्थियों के लिए दो हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड देने की पहल की है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक कारणों से कोई भी छात्र तकनीकी प्रशिक्षण बीच में न छोड़े। माना जा रहा है कि आर्थिक सहयोग मिलने से आईटीआई में दाखिले बढ़ेंगे, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित होगी और उद्योगों को प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग का मानना है कि तकनीकी शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि औद्योगिक विकास की बुनियाद है। इसी सोच के तहत सरकार प्रशिक्षण के साथ आर्थिक सहयोग को भी जोड़ रही है, ताकि कमजोर आर्थिक पृष्ठभूमि के विद्यार्थी बिना अतिरिक्त बोझ के प्रशिक्षण पूरा कर सकें।

वर्ष 2026-27 के प्रवेश सत्र में हरियाणा के 377 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में दाखिले की प्रक्रिया चल रही है। इनमें 197 सरकारी और 180 निजी आईटीआई शामिल हैं। इन संस्थानों में करीब एक लाख सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। विद्यार्थियों को 89 से अधिक इंजीनियरिंग और गैर-इंजीनियरिंग ट्रेडों में प्रशिक्षण का विकल्प मिलेगा, जिनमें पारंपरिक ट्रेडों के साथ आधुनिक तकनीकी पाठ्यक्रम भी शामिल हैं।

सरकार इस समय ड्यूल सिस्टम ऑफ ट्रेनिंग (डीएसटी) पर विशेष जोर दे रही है। इस मॉडल में विद्यार्थियों को केवल कक्षा तक सीमित नहीं रखा जाता, बल्कि प्रशिक्षण के दौरान ही उद्योगों में व्यावहारिक अनुभव दिया जाता है। मशीनों पर काम करने, उत्पादन प्रक्रिया समझने, सुरक्षा मानकों का पालन करने और औद्योगिक कार्यप्रणाली सीखने का अवसर मिलने से प्रशिक्षण पूरा करने के बाद युवाओं को रोजगार के लिए अलग से तैयारी नहीं करनी पड़ती।

प्रवेश प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विभाग ने सभी आईटीआई में हेल्प डेस्क स्थापित किए हैं। यहां आवेदन, दस्तावेज सत्यापन, ट्रेड चयन और सीट आवंटन से जुड़े सभी चरणों में विद्यार्थियों की सहायता की जा रही है। विभाग का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थी बिना किसी कठिनाई के तकनीकी शिक्षा से जुड़ सकें। आईटीआई में प्रवेश के लिए आठवीं, दसवीं और बारहवीं पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। अलग-अलग ट्रेडों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा