हिसार : रिकॉर्ड में गलत जानकारी मिलने पर कर्मचारी के साथ चेकर, मेकर भी होगा जवाबदेह

 


डीएचबीवीएन कर्मचारियों को 21 तक अपडेट करना होगा

एचआरएमएस रिकॉर्ड

जन्मतिथि से लेकर पदोन्नति और सेवा रिकॉर्ड तक

का सत्यापन अनिवार्य

हिसार, 15 अक्टूबर (राजेश्वर)। दक्षिण हरियाणा बिजली

वितरण निगम (डीएचबीवीएन) ने कर्मचारियों के सेवा रिकॉर्ड को दुरुस्त करने के लिए सख्त

निर्देश जारी किए हैं। निगम ने सभी डीडीओ को अपने अधीन कार्यरत कर्मचारियों का मानव

संसाधन प्रबंधन प्रणाली (एचआरएमएस) पोर्टल पर उपलब्ध रिकॉर्ड जांचकर अपडेट करने के

निर्देश दिए हैं। इसके लिए 21 अक्टूबर तक की समयसीमा निर्धारित की गई है। रिकॉर्ड में

गलत, अधूरी या भ्रामक जानकारी मिलने पर संबंधित कर्मचारी के साथ जिम्मेदार चेकर/मेकर

की जवाबदेही भी तय की जाएगी।

हिसार स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय की ओर से

गुरुवार को जारी पत्र में कहा गया है कि कर्मचारियों का सटीक और पूरा रिकॉर्ड रखना

प्रशासनिक कार्यों के लिए जरूरी है। निगम में सेवा सुरक्षा अधिनियम, 2024 के तहत अधिसंख्य

पदों के सृजन, ऑनलाइन तबादलों, पुनर्गठन और अन्य नियमित प्रशासनिक कार्यों में एचआरएमएस

के आंकड़ों का उपयोग किया जा रहा है। ऐसे में रिकॉर्ड में कमी या गलत जानकारी होने

से कर्मचारियों को परेशानी हो सकती है और सरकारी मामलों के निपटारे में देरी हो सकती

है।

निर्देशों के अनुसार, डीडीओ को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों

के रिकॉर्ड की जांच और सत्यापन के लिए नामित चेकर/मेकर के माध्यम से सभी जानकारियां

दुरुस्त करवानी होंगी। इनमें कर्मचारी का बुनियादी विवरण, जन्मतिथि, सेवानिवृत्ति की

तारीख, वर्तमान तैनाती का स्थान, अवकाश रिकॉर्ड, वैवाहिक स्थिति, परिवार का विवरण,

पदोन्नति, सेवा सत्यापन, निलंबन और दंड से संबंधित रिकॉर्ड सहित अन्य सेवा संबंधी जानकारियां

शामिल हैं।

निगम ने स्पष्ट किया है कि एचआरएमएस पोर्टल पर

प्रत्येक कर्मचारी का रिकॉर्ड पूर्ण, सही और अद्यतन होना चाहिए। पत्र में सभी संबंधित

अधिकारियों को इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। पोर्टल

के इस्तेमाल के दौरान तकनीकी समस्या आने पर संबंधित शिकायत एचआरएमएस के लिए निर्धारित

ईमेल आईडी hrmsdh@dhbvn.org.in पर भेजने को कहा गया है। इसके अतिरिक्त, संबंधित अधिकारियों को कार्यालयवार

स्वीकृत पदों की सही मैपिंग सुनिश्चित करने और अपने क्षेत्राधिकार में विभिन्न कैडर

की कार्यरत कर्मचारी संख्या का एचआरएमएस पोर्टल पर उपलब्ध रिकॉर्ड से मिलान करने के

निर्देश भी दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर