हरियाणा में छह साल में तीन लाख से अधिक युवाओं ने राेजगार कार्यलय में दर्ज कराया नाम
चंडीगढ़, 31 अगस्त (हि.स.)। हरियाणामें नाैकरी की चाहत में रोजगार कार्यालयों में नाम दर्ज करवाने वालाें की संख्या लगातार बढ़ रही है। जनवरी 2020 से जून 2026 तक 3,33,397 युवाओं ने रोजगार कार्यालयों में पंजीकरण कराया। इनमें सबसे बड़ा हिस्सा 12वीं पास युवाओं का है—2,14,782 यानी करीब 64 फीसदी। इसके अलावा 87,549 स्नातक और 31,066 स्नातकोत्तर युवाओं ने पंजीकरण कराया है।
इसी अवधि में 74,523 अभ्यर्थियों को मुख्यत: रोजगार मेलों के जरिए निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए गए या उनका चयन हुआ। यानी रोजगार कार्यालयों में पंजीकरण कराने वाले हर चार से अधिक युवाओं में करीब एक को निजी क्षेत्र से जोड़ने की प्रक्रिया तक पहुंचाया गया।
नूंह के विधायक चौ. आफताब अहमद ने विधानसभा में जनवरी 2020 से जून 2026 के दौरान रोजगार कार्यालयों में पंजीकृत युवाओं, उनकी शैक्षणिक योग्यता और रोजगार उपलब्ध कराने की स्थिति पर सवाल पूछा था। युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने इसके जवाब में यह आंकड़े सदन में रखे।
रोजगार कार्यालयों में आने वाले युवाओं की शैक्षणिक तस्वीर भी इस जवाब से साफ होती है। कुल 3.33 लाख पंजीकरण में 2.14 लाख 12वीं पास हैं। यानी हर तीन पंजीकरण में करीब दो इसी श्रेणी के हैं। इसके बाद 87,549 ग्रेजुएट और 31,066 पोस्ट ग्रेजुएट युवाओं ने पंजीकरण कराया।
विधानसभा में दिए परिशिष्ट में कई स्तरों पर गांव, शहर और शैक्षणिक योग्यता के अनुसार पंजीकरण का ब्योरा दिया गया है। सरकार के मुताबिक, रोजगार निदेशालय खुद नौकरी देने वाली एजेंसी नहीं है। रोजगार कार्यालय नौकरी तलाशने वाले युवाओं और निजी नियोक्ताओं के बीच सेतु के रूप में काम करते हैं। इसी के तहत जिलों में रोजगार मेले और जॉब फेयर आयोजित किए जाते हैं। जनवरी 2020 से जून 2026 के बीच 74,523 अभ्यर्थियों को इसी प्रक्रिया के जरिए निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए गए या उनका चयन हुआ।
नौकरी के अलावा सरकार ने शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए सक्षम युवा योजना का भी उल्लेख किया है। इसके तहत पात्र युवाओं को 100 घंटे के मानद कार्य के बदले बेरोजगारी भत्ता और मानदेय दिया जाता है। यह योजना 1 नवंबर 2016 को शुरू हुई थी। शुरुआत में इसमें पात्र स्नातकोत्तर युवाओं को शामिल किया गया था।
बाक्स---
रोजगार कार्यालयों का हिसाब
3,33,397 — जनवरी 2020-जून 2026 तक पंजीकरण
2,14,782 — 12वीं पास
87,549 — स्नातक
31,066 — स्नातकोत्तर
74,523 — निजी क्षेत्र में रोजगार अवसर/चयन
64 प्रतिशत — पंजीकरण में 12वीं पास युवाओं की हिस्सेदारी
100 घंटे — सक्षम युवा योजना में मानद कार्य
मुख्य माध्यम — रोजगार मेले और जॉब फेयर
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा