हरियाणा में निकाय चुनाव की मतगणना की तैयारियां पूरी
पंचकूला व अंबाला में जमानत बचाने के लिए मेयर को लेने होंगे 13 हजार से अधिक वोट
सोनीपत में जमानत बचाने को 17 हजार 836 वोट लाना हाेगा जरूरी
चंडीगढ़, 12 मई (हि.स.)। हरियाणा में निकाय चुनाव के लिए बुधवार को मतगणना होगी और दोपहर तक हरियाणा के तीन निगमों में नए मेयर का ऐलान हो जाने की संभावना है। मतगणना के लिए सभी तैयारियाें की व्यव्स्था कर ली गई। मतगणना स्थल पर सुरक्षा की कड़े इंतजाम किए गए हैं।
हरियाणा में 10 मई 2026 को निकाय चुनाव करवाए गए थे। इन चुनावों के अंतर्गत अंबाला, पंचकूला एवं सोनीपत नगर निगम, रेवाड़ी नगर परिषद तथा धारूहेड़ा, सांपला एवं उकलाना नगर पालिका में मतदान कराया गया। इसके अतिरिक्त प्रदेश के विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों में वार्डों के उपचुनाव भी सफलतापूर्वक सम्पन्न हुए।
राज्य निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि प्रदेश में संपन्न नगर निकायों के आम एवं उपचुनावों की मतगणना के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं रिटर्निंग अधिकारियों को मतगणना प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न करवाने के निर्देश जारी किए गए हैं। निकाय चुनावों की मतगणना 13 मई 2026 को प्रात: 8:00 बजे से संबंधित मतगणना केंद्रों पर शुरू होगी। उन्होंने बताया कि सभी मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक एवं पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही मतगणना स्थलों पर प्रवेश की अनुमति होगी। केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।
प्रवक्ता ने कहा कि ईवीएम मशीनों को स्ट्रांग रूम से मतगणना केंद्रों तक लाने तथा मतगणना उपरांत पुन: सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के दौरान विशेष पुलिस सुरक्षा उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके अतिरिक्त, अवांछित एवं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
हरियाणा के तीन नगर निगमों अंबाला, पंचकूला और सोनीपत के चुनाव नतीजों पर सबकी निगाह टिकी हुई है। राज्य के सात शहरी निकायों के चुनाव में 54.8 प्रतिशत मतदान के बाद हालांकि राजनीतिक दलों के समीकरण गड़बड़ा रहे हैं, मगर भाजपा व कांग्रेस दोनों को अपनी-अपनी जीत का भरोसा है। राज्य में कुल 11 नगर निगम हैं, जिनमें से आठ के चुनाव पहले हो चुके हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध मतदान आंकड़ों के अनुसार अंबाला नगर निगम में 54.3 प्रतिशत, पंचकूला में 53.4 प्रतिशत तथा सोनीपत नगर निगम में 48.2 प्रतिशत मतदान हुआ है। अंबाला में कुल 1 लाख 7 हजार 651 वोट पड़े, पंचकूला में 1 लाख 10 हजार 743 और सोनीपत में 1 लाख 42 हजार 688 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। हरियाणा नगर निगम निर्वाचन नियमावली 1994 के तहत चुनाव हारने वाले प्रत्याशियों को अपनी जमानत राशि बचाने के लिए कुल वैध मतों का एक बटा आठ (12.50प्रतिशत) से अधिक वोट प्राप्त करना अनिवार्य होता है।
इस आधार पर अंबाला नगर निगम में मेयर प्रत्याशी को अपनी जमानत राशि बचाने के लिए 13 हजार 456 से अधिक वोट लेने होंगे। पंचकूला नगर निगम में यह आंकड़ा 13 हजार 843 वोटों का रहेगा, जबकि सोनीपत नगर निगम में मेयर पद के उम्मीदवार को जमानत बचाने के लिए 17 हजार 836 से अधिक वोट हासिल करने होंगे। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के अधिवक्ता हेमंत कुमार के अनुसार यह नियम केवल चुनाव हारने वाले उम्मीदवारों पर लागू होता है, क्योंकि विजयी उम्मीदवार की जमानत स्वत: सुरक्षित रहती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा