हरियाणा विधानसभा में योग प्रोटोकॉल अभ्यास, मुख्यमंत्री सैनी ने लिया हिस्सा
चंडीगढ़, 16 जून (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने मंगलवार को हरियाणा विधानसभा परिसर में आयोजित योग प्रोटोकॉल अभ्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा भी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री सैनी और विधानसभा अध्यक्ष कल्याण ने दीप प्रज्ज्वलित कर योग प्रोटोकॉल अभ्यास सत्र का शुभारंभ किया और निर्धारित क्रम में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर किए जाने वाले सभी योग अभ्यास किए। हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य ने योग प्रशिक्षकों के साथ सभी उपस्थितगण को योग प्रोटोकॉल के अनुसार प्रार्थना, संचलन अभ्यास, योगासन के तहत खड़े होकर, बैठकर, पेट के बल लेटकर तथा पीठ के बल लेटकर किए जाने वाले आसन, प्राणायाम, ध्यान व शांतिपाठ का अभ्यास करवाया।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि योग हमें मैं से हम तक की यात्रा करवाता है और यह हमें अपने आप से और समाज से जोड़ने का काम करता है। पूरा विश्व 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाएगा, लेकिन हमें समझने की जरूरत है कि हमें केवल एक दिन के लिए योग दिवस नहीं मनाना बल्कि इसे जीवन के साथ एक संकल्प की तरह जोड़ना है। उन्होंने बताया कि हरियाणा में राज्य स्तरीय योग दिवस समारोह पंचकूला में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे नियमित रूप से अपने निकटवर्ती योग कार्यक्रमों में शिरकत करें और योग के माध्यम से मानसिक व शारीरिक रूप से स्वस्थ रहकर देश की प्रगति में अपना योगदान दें।
सैनी ने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ रखी गई है। हरियाणा सरकार योग के माध्यम से नशा मुक्त हरियाणा के संकल्प को साकार करने की दिशा में भी आगे बढ़ रही है। हमने अपने वादे के अनुरूप योग को पाठयक्रम में शामिल किया है तथा स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में योग क्लब स्थापित किए हैं। सरकार ने हरियाणा के हर गांव में व्यायामशालाएं खोलने का लक्ष्य रखा है। अब तक 883 व्यायामशालाएं खोली जा चुकी हैं जिनमें 859 योग सहायक नियुक्त किए हैं। आयुष औषधालयों और उपस्वास्थ्य केंद्रों को आयुष्मान आरोग्य केंद्रों के रूप में उन्नत किया गया है जिनमें योग इंस्ट्रक्टर नियुक्त किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा विधानसभा परिसर में योग प्रशिक्षण भी एक संदेश है कि हरियाणा का नेतृत्व और जन प्रतिनिधि योगमय जीवन जीते हैं। उन्होंने कहा कि दिनभर की निरंतर भागदौड़ के बीच वे स्वयं 5 मिनट का ब्रेक लेकर योगासन करते हैं जिससे स्वयं को पुन: ऊर्जावान बनाते हैं।
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली सांस्कृतिक धरोहर है, जिसने पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाया है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने की एक समग्र जीवन पद्धति है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा