विधानसभा में मुख्यमंत्री नायब सैनी बोले- साइबर अपराध में आई कमी
चंडीगढ़, 17 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मंगलवार को विधानसभा में साइबर अपराध के संबंध में रिपोर्ट पेश करते हुए कहा कि साइबर अपराध के मामलों में कमी दर्ज की गई है। वर्ष 2024 में 6054 मामलों के मुकाबले 2025 में यह संख्या घटकर 5000 रह गई, यानी लगभग 17 प्रतिशत की गिरावट आई है। उन्होंने कहा कि ठगी के मामलों में भी 9804 से घटकर 6324 तक कमी आई है, जो करीब 36 प्रतिशत की गिरावट दर्शाती है। हालांकि, डिजिटल अरेस्ट जैसे नए तरीकों ने चुनौती को और जटिल बना दिया है, जिसके चलते नए समाधान तलाशे जा रहे हैं।मुख्यमंत्री ने बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्ती भी बढ़ाई गई है। वर्ष 2024 में 5156 गिरफ्तारियों के मुकाबले 2025 में यह आंकड़ा बढक़र 8093 हो गया, जो लगभग 57 प्रतिशत अधिक है। साथ ही, पुलिस और बैंक मिलकर ठगी की राशि को तुरंत होल्ड करने का काम कर रहे हैं। वर्ष 2025 में 40 प्रतिशत रकम को समय रहते रोका गया, जो पहले 27 प्रतिशत थी। राज्य में साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 हेल्पलाइन और जीरो एफआईआर की सुविधा लागू है, जिससे तुरंत कार्रवाई संभव हो पाती है। इसके अलावा, सरकार ने बजट 2026-27 में गोहाना, बहादुरगढ़ और सोनीपत में तीन नए साइबर पुलिस स्टेशन खोलने की घोषणा भी की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा