अनिरुद्ध यादव होंगे केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के ओएसडी

 

चंडीगढ़, 28 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्र सरकार ने अनिरुद्ध यादव को केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य और ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर का विशेष कर्तव्य अधिकारी (ओएसडी) नियुक्त किया है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने अनुबंध के आधार पर इस नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। उनकी यह नियुक्ति डिप्टी सेक्रेटरी (उप सचिव) स्तर पर पे-मैट्रिक्स के लेवल 12 के तहत 4 वर्षों की अवधि के लिए की गई है।

अनिरूद्ध यादव आईआईटी रुडक़ी से सिविल इंजीनियरिंग और यूके की ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से मास्टर इन पब्लिक पॉलिसी की डिग्री की है।

अनिरूद्ध यादव हरको बैंक के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता अरविंद यादव के बेटे हैं। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुसार, अनिरुद्ध यादव का कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तिथि से 4 वर्ष का होगा या मंत्री के कार्यकाल/अगले आदेश तक (जो भी पहले हो) प्रभावी रहेगा।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा